विज्ञापन

Dharavi News: मुझे मकान कब मिलेगा? हर सवाल का जवाब देगी आपकी 'धारावी दीदी', अदाणी ग्रुप ने लॉन्‍च की AI सेवा

धारावी पुनर्विकास परियोजना से जुड़े सवालों के जवाब अब एआई आधारित 'धारावी दीदी' देगी. अदाणी ने शुरू की यह 24x7 सेवा वॉइस कॉल, वीडियो कॉल और व्हॉट्सएप पर उपलब्ध होगी, जिससे निवासी सर्वे, पात्रता, दस्तावेज और नए घर से जुड़ी जानकारी आसानी से पा सकेंगे.

Dharavi News: मुझे मकान कब मिलेगा? हर सवाल का जवाब देगी आपकी 'धारावी दीदी', अदाणी ग्रुप ने लॉन्‍च की AI सेवा
धारावी दीदी AI सेवा हुई लॉन्च. अब पुनर्विकास से जुड़े सवालों के मिलेंगे आधिकारिक जवाब.

धारावी पुनर्विकास परियोजना (Dharavi Redevelopment Project) को लेकर मन में उठने वाली विविध आशंकाओं और सवालों के आधिकारिक जवाब तलाश रहे धारावीवासियों के लिए एक नई और बेहद महत्वपूर्ण सुविधा शुरू हो गई है. घरों के सर्वे, पात्रता के मानकों, जरूरी दस्तावेजों और नया घर कब मिलेगा- जैसे तमाम सवालों के सटीक और आधिकारिक जवाब देने के लिए 'धारावी दीदी' (Dharavi Didi) नाम की एक एआई (AI) आधारित डिजिटल सेवा शुरू की गई है. इस नई व्यवस्था के आने से अब धारावी के निवासियों को किसी भी अनधिकृत चर्चा या अफवाहों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

24 घंटे उपलब्ध रहेगी यह एआई (AI) प्रणाली

धारावी पुनर्विकास परियोजना को लागू करने वाली कंपनी 'अदाणी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' (ANDPL) ने इस एआई सेवा की शुरुआत की है. यह सिस्टम हफ्ते के 7 दिन और 24 घंटे नागरिकों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेगा. इससे दफ्तरी कामकाज का समय खत्म होने के बाद भी स्थानीय निवासी अपनी सुविधा के अनुसार जब चाहें, सही और सटीक जानकारी हासिल कर सकेंगे.

एक बड़ी बहन की तरह धैर्य से बात सुनकर सही मार्गदर्शन करने की अवधारणा (कांसेप्ट) के तहत इस डिजिटल सेवा का नाम 'धारावी दीदी' रखा गया है.

वॉइस कॉल, वीडियो कॉल और व्हॉट्सएप से कर सकेंगे संवाद

धारावी के निवासियों को 'धारावी दीदी' से जुड़ने के लिए वॉइस कॉल (Voice Call), वीडियो कॉल (Video Call) और व्हॉट्सएप (WhatsApp) के विकल्प दिए गए हैं. इस प्रणाली को इस तरह से विकसित किया गया है कि जो नागरिक डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का ज्यादा इस्तेमाल करना नहीं जानते, वे भी इसे आसानी से उपयोग कर सकें.

वर्तमान में यह सुविधा मराठी, हिंदी और अंग्रेजी-इन 3 भाषाओं में उपलब्ध है. आने वाले कुछ महीनों में इसमें तमिल, तेलुगू और गुजराती भाषाओं को भी शामिल किया जाएगा.

अफवाहों पर लगेगा पूर्ण विराम, बढ़ेगी पारदर्शिता

परियोजना से जुड़ी जानकारी सीधे आधिकारिक अथॉरिटी (प्राधिकरण) की तरफ से मिलेगी, जिससे किसी भी तरह के भ्रम या अफवाहों पर पूरी तरह से लगाम लगेगी. इस सुविधा से पुनर्विकास के हर चरण की सटीक जानकारी सीधे निवासियों तक पहुंचेगी, जिससे वे सही फैसला ले सकेंगे.

धारावी के निवासी ANDPL की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई लिंक के जरिए वीडियो कॉल कर सकते हैं, या फिर +91-8071579787 नंबर पर वॉइस कॉल और व्हॉट्सएप करके 'धारावी दीदी' सेवा का लाभ उठा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Nestlé India को हुई बंपर कमाई तो शेयरहोल्‍डर्स पर भी 'लुटाए' पैसे! बांटे जाएंगे 1,350 करोड़ रुपये, तारीख ये रही
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dharavi Redeveloment Adani Group, Dharavi Redevelopment Project, Dharavi Didi, Dharavi Didi AI Assistant, Dharavi Housing Scheme
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com