विज्ञापन

'गरीब के बच्चे गरीब', पत्नी के बयान का बचाव करने उतरे अशनीर ग्रोवर ने भी मचाया बवाल

Ashneer Grover and Wife Controversial Statements: गरीब बच्‍चे पैदा करें तो गरीबी बढ़ेगी! इस बयान पर घिरीं पत्‍नी माधुरी जैन, संपत्ति बांटने का मिला ज्ञान तो अशनीर ग्रोवर बोले- भीख मांगने का तरीका थोड़ा कैजुअल है. कहानी यहीं खत्‍म नहीं हुई.

'गरीब के बच्चे गरीब', पत्नी के बयान का बचाव करने उतरे अशनीर ग्रोवर ने भी मचाया बवाल
Lock Upp Season 2 Controversy: अशनीर ग्रोवर ने पत्नी के बयान पर मचे बवाल को और हवा दे दी है.
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

'गरीब बच्‍चे पैदा करें तो गरीबी बढ़ेगी, अमीर बच्‍चे पैदा करें तो अमीरी.' रियलिटी शो लॉक-अप सीजन-2 में माधुरी ग्रोवर ने बयान देकर बवाल खड़ा किया. फिर एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने अशनीर ग्रोवर को अरबों की संपत्ति दान करने की नसीहत दे डाली. फिर पत्‍नी माधुरी के बचाव में उतरे अशनीर. इसे बेबाकी कहें या मुंहफट होना, अशनीर ने कहा- 'भीख/चंदा मांगने का तरीका थोड़ा कैजुअल है.' अब इन्फ्लुएंसर ने रजनीकांत, ओपरा विनफ्रे, चार्ली चैपलीन का उदाहरण देते हुए ग्रोवर दंपती को आइना दिखाने की कोशिश की है. 

ये पूरा बवाल अब केवल कुछ लोगों के बीच का मसला नहीं रहा, पूरे मुद्दे पर सोशल मीडिया पर जंग छिड़ी हुई है. पूरी खबर जानते हैं विस्‍तार से. 

'गरीब बच्‍चे पैदा करें तो गरीबी बढ़ेगी...', बस यहीं से खड़ा हुआ बवाल

भारतपे (BharatPe) के पूर्व को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) और उनकी पत्नी माधुरी जैन एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह कोई बिजनेस डील नहीं, बल्कि जनसंख्या, अमीरी-गरीबी और परिवार नियोजन को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर छिड़ी एक तीखी बहस है. ये विवाद तब शुरू हुआ जब माधुरी जैन ने रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में खुद को एलिमिनेशन से बचाने के लिए एक पर्सनल बात साझा की और साथ ही एक विवादित टिप्पणी कर दी.

माधुरी ने कहा, 'वे और अशनीर तीसरा बच्‍चा प्‍लान कर रहे हैं'. साथ ही उन्‍होंने ये भी कह दिया कि अमीर लोग ज्यादा बच्चे पैदा करेंगे तो अमीरी बढ़ेगी और गरीब लोग ज्यादा बच्चे पैदा करेंगे तो गरीबी बढ़ेगी.' उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. 

'900 करोड़ की संपत्ति बांट दें', ग्रोवर दंपती को मिली 'सलाह'

माधुरी के बयान पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नलिनी उनागर (@NalinisKitchen) ने अशनीर ग्रोवर को टैग करते हुए सीधे घेरा.

नलिनी ने लिखा, 'अगर गरीब लोगों के ज्यादा बच्चे होने से गरीबी बढ़ती है, तो आप अपनी लगभग 900 करोड़ रुपये की संपत्ति 1,800 परिवारों में दान कर दीजिए (प्रत्येक को 50 लाख). वे परिवार अपने 3,200 बच्चों को खुशी-खुशी पाल सकेंगे. आप सिर्फ दो बच्चों के लिए 900 करोड़ क्यों रख रहे हैं? सारा धन दान कर हिमालय चले जाइए और संन्यासी बन जाइए.'

अशनीर बोले- भीख मांगने का तरीका थोड़ा कैजुअल है

अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाने वाले अशनीर ग्रोवर ने अपनी पत्नी का बचाव करते हुए तीखा और करारा जवाब दिया. अशनीर ने लिखा, 'भीख / चंदा मांगने का तरीका थोड़ा कैजुअल है. बीवी ने ज्ञान दे दिया है ऑलरेडी - इतने में इतना ही मिलेगा.'

अशनीर के 'कैजुअल' जवाब पर नलिनी का पलटवार

अशनीर के इस 'कैजुअल' वाले कमेंट पर आज (7 जुलाई) नलिनी ने फिर से प्रतिक्रिया देते हुए कई दिग्गज हस्तियों के नाम गिनाए. नलिनी ने लिखा,

'रजनीकांत, बोमन ईरानी, ओपरा विनफ्रे, चार्ली चैपलिन और कल्पना सरोज जैसे लोग कभी गरीब थे. उनके माता-पिता ने उन्हें जन्म दिया, तभी वे आज इस दुनिया में हैं. गरीब होने का मतलब ये नहीं कि वे बच्चे पैदा न करें. कुछ लोग आगे बढ़ते हैं, कुछ नहीं. सब कुछ माइंडसेट और स्किल का खेल है. अगर अमीर बच्चों में स्किल नहीं होगी, तो उनकी अगली पीढ़ी फुटपाथ पर आ जाएगी.' 

नलिनी ने ये भी कहते हुए ताना मारा कि गरीबों के पास फ्रॉड (धोखाधड़ी) करने का प्रिविलेज नहीं होता, वे बच्चों या एक छोटी साइकिल में ही अपनी खुशी ढूंढ लेते हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

बहस में कूदे यूजर्स, दो धड़े में बंटे 

इस पूरी बहस के बीच आम यूजर्स और अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स भी कूद पड़े हैं. 'गेम्स ऑफ हैदराबाद' नामक यूजर ने अशनीर का समर्थन करते हुए लिखा, 'यह उनकी मेहनत की कमाई है. जब गरीब काम करने में सक्षम हैं, तो अमीर लोग मुफ्तखोरी को सब्सिडी क्यों दें? गरीब हैं तो बच्चे पैदा न करें.' 

वहीं अंशुल गर्ग नाम के यूजर ने लिखा, 'वह सच कह रही हैं. गरीब लोग 3-4 बच्चे पैदा कर रहे हैं जबकि हाई-इनकम वाले 1-2 बच्चे. इन बच्चों को सही परवरिश नहीं मिलती और वे गरीबी में बड़े होकर अपराध की तरफ बढ़ जाते हैं.'

हालांकि, नलिनी ने इस पर रुख साफ करते हुए कहा कि परिवार शुरू करना एक पर्सनल चॉइस है. इसके बाद कुछ यूजर्स ने नलिनी पर निशाना साधते हुए इसे सिर्फ 'इंगेजमेंट फार्मिंग' (व्यूज और लाइक्स पाने का जरिया) बताया और कहा कि उन्हें इकोनॉमी की कोई समझ नहीं है. फिलहाल ये बहस इंटरनेट पर लगातार ट्रेंड कर रही है.

ये भी पढ़ें: न पेट्रोल, न डीजल, न CNG... दिल्‍ली में 'कचरे' से चलेंगी बसें, नितिन गडकरी बोले- मेरा कहा गलत हुआ क्‍या!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ashneer Grover, Ashneer Grover Angry, Madhuri Jain Grover, Lock Upp Season 2, Lock Upp Season 2 Updates
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com