आईफोन (iPhone) इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बड़ी और शानदार खबर सामने आ रही है. अगर आप भी पेमेंट करने के लिए बार-बार अपना बटुआ या कार्ड निकालते-निकालते थक गए हैं, तो अब आपका फोन ही आपका सबसे बड़ा साथी बनने वाला है. Apple अपनी पेमेंट Apple Pay Apple Pay को भारत में लॉन्च करने की पूरी तैयारी कर चुका है. इसके लिए कंपनी देश के सबसे बड़े बैंकों के साथ हाथ मिलाने जा रही है, जिससे आपका शॉपिंग और पेमेंट का एक्सपीरिएंस पूरी तरह बदल जाएगा.
इन बैंकों के साथ मिलकर Apple की बड़ी तैयारी
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple भारत में अपनी पेमेंट सर्विस शुरू करने के लिए आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) जैसे बड़े बैंकों से बातचीत कर रही है. कंपनी का लक्ष्य है कि साल 2026 के मिडिल तक इस सर्विस को भारतीय यूजर्स के लिए लाइव कर दिया जाए.
Apple न केवल बैंकों बल्कि ग्लोबल कार्ड नेटवर्क के साथ भी संपर्क में है ताकि आईफोन यूजर्स को पेमेंट करने में कोई दिक्कत न आए.
क्या है Apple Pay और यह कैसे काम करेगा?
एप्पल पे (Apple Pay) एक ऐसी सर्विस है जो गूगल पे (Google Pay) और सैमसंग पे की तरह ही काम करती है, लेकिन Apple के खास फीचर्स के साथ चलती है. यह आपके आईफोन या एप्पल वॉच में मौजूद 'नियर फील्ड कम्युनिकेशन' (NFC) का इस्तेमाल करती है. इसका मतलब है कि दुकान पर पेमेंट करते समय आपको बस अपना फोन स्वाइप मशीन (POS) के पास ले जाना होगा और आपका पेमेंट पलक झपकते ही हो जाएगा. इसे 'कॉन्टैक्टलेस पेमेंट' कहा जाता है, जिसमें न तो कार्ड मशीन में डालने की जरूरत होती है और न ही बार-बार पिन की टेंशन रहती है.
89 देशों में सुपरहिट होने के बाद अब भारत में लॉन्चिंग की तैयरी
एप्पल की यह सर्विस कोई नई नहीं है, इसे करीब 11 साल पहले 2014 में अमेरिका में लॉन्च किया गया था. आज यह सर्विस दुनिया के 89 देशों में सफलतापूर्वक चल रही है और वहां के 11,000 से ज्यादा बैंक इससे जुड़े हुए हैं.
भारत में आईफोन यूजर्स की तेजी से बढ़ती संख्या को देखते हुए कंपनी अब इसे यहां भी लॉन्च करने के लिए पूरी तरह जुटी हुई है. इंडस्ट्री के जानकारों की मानें तो इस साल के अंत तक हमें इसका ट्रायल या लॉन्च देखने को मिल सकता है.
UPI और कार्ड पेमेंट का मिलेगा डबल फायदा
शुरुआत में एप्पल पे सर्विस को कार्ड बेस्ड कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के लिए लॉन्च किया जाएगा. लेकिन खबर यह भी है कि एप्पल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) समर्थित एनपीसीआई (NPCI) से अप्रूवल लेने की कोशिश कर रहा है. एक बार मंजूरी मिल जाने के बाद, एप्पल पे में भी आप गूगल पे की तरह सीधे यूपीआई (UPI) के जरिए पेमेंट कर सकेंगे. यानी आपको एक ही ऐप में कार्ड और यूपीआई दोनों ऑप्शन मिल सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं