8th Pay Commission Delhi Meeting Schedule: आठवें वेतन आयोग को लेकर आज 24 जुलाई, शुक्रवार को बड़ी खबर सामने आई है. 8वां केंद्रीय वेतन आयोग (8th pay commission news) एक बार फिर बैठकों का दौर शुरू कर रहा है. आयोग ने राजधानी दिल्ली में कर्मचारी संगठनों के साथ मीटिंग की तारीख भी जारी की है. नई दिल्ली में 7 और 10 अगस्त को कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों के साथ बड़ी बैठकें होनी है. इस बैठक में शामिल होने के लिए कर्मचारी और पेंशनर्स संगठन को क्या करना होगा, ये भी आयोग ने बताया है.
देश के करीब 1.19 करोड़ सरकारी कर्मियों और पेंशनर्स के लिए ये बड़ा अपडेट है जिन्हें 8वें वेतन आयोग के लागू होने का इंतजार है. दरअसल पिछले कुछ महीनों में हुई मीटिंग्स के बाद पिछले काफी दिनों से कोई सुगबुगाहट नहीं देखी जा रही थी. इस बीच 8वें वेतन आयोग की चेयरपर्सन जस्टिस रंजना देसाई को कई राज्यों में UCC बोर्ड की भी जिम्मेदारी दी गई. ऐसे में कर्मचारी संगठनों को संशय हो रहा था कि कहीं इससे 8वें वेतन आयोग का काम प्रभावित न हो. अब एक बार फिर बैठकों का शेड्यूल जारी होने पर कर्मचारी और पेंशनर वर्ग को राहत मिली है.
8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने जारी किया नोटिस

31 जुलाई डेडलाइन, दिल्ली मीटिंग में ऐसे शामिल हो सकते हैं संगठन
8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने दिल्ली में कर्मचारी-पेंशनर्स संगठनों के साथ आमने-सामने बातचीत का नया चरण शुरू किया है. आयोग 7 और 10 अगस्त 2026 को दिल्ली में संघों, फ़ेडरेशनों और यूनियनों से मुलाकात करेगा.
जिन संगठनों ने अपना मेमोरेंडम जमा कर दिया है, लेकिन अभी तक बातचीत नहीं कर पाए हैं, उनके लिए 7 और 10 अगस्त को मीटिंग में शामिल होने का मौका है. इसके लिए प्रक्रिया पूरी करने की डेडलाइन 31 जुलाई है.
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि ऐसे संगठन 31 जुलाई तक ऑनलाइन फॉर्म भरकर ‘Memo ID' के साथ अपॉइंटमेंट की मांग कर सकते हैं. ये भी कहा गया है कि बैठक का समय और जगह बाद में बताई जाएगी.
आयोग के फैसले पर AINPSF ने जताया आभार
AINPSF यानी ऑल इंडिया NPS एम्पलाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मंजीत सिंह पटेल ने NDTV से बातचीत में कहा कि पिछले दो हफ्तों से वेतन आयोग से कोई अपडेट नहीं मिल रही थी, जिससे कर्मचारियों और पेंशनर्स में चिंता थी कि कहीं कमीशन डिले न हो जाए. हमने भी पिछले हफ्ते ही कमीशन से गुजारिश की थी कि जल्द से जल्द नए शेड्यूल जारी हों ताकि कार्य जल्द से जल्द संपन्न हो.'
#BigBreaking
— Dr Manjeet Singh Patel (@ManjeetIMOPS) July 24, 2026
07 और 10 अगस्त को फिर से #8CPC करेगा दिल्ली में कर्मचारी संगठनों के साथ मीटिंग्स।
पिछले दो हफ्तों से वेतन आयोग से कोई अपडेट नहीं मिल रही थी, जिससे कर्मचारियों और पेंशनर्स में चिंता थी कि कहीं कमीशन डिले न हो जाए। हमने भी पिछले हफ्ते ही कमीशन से गुजारिश की थी कि जल्द… pic.twitter.com/87z177zdYJ
उन्होंने कमीशन के नए आधिकारिक शेड्यूल के लिए कर्मचारियों के परिवार की ओर से आभार भी व्यक्त किया. साथ ही अपील की कि जल्द आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपे ताकि कर्मचारी-पेंशनर वर्ग को समय से लाभ मिल पाए.
10 अगस्त के बाद भी जारी रहेगा बैठकों का दौर
आयोग ने कहा है कि दिल्ली में मीटिंग का ये सिर्फ पहला दौर है. आयोग आगे भी दिल्ली और अन्य राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में और बैठकें करेगा. ऐसे में जिन कर्मचारी, पेंशनर्स संगठनों का क्षेत्र दिल्ली से बाहर है, उन्हें अपने राज्य या नजदीकी शहर में इंटरैक्शन का विकल्प चुनना चाहिए.
डॉ पटेल ने कहा कि आयोग ने व्यापक परामर्श-प्रक्रिया तेज कर दी है और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन से जुड़े मामलों पर इनपुट जुटाने की रणनीति अपनाई है. कर्मचारियों के संगठन अब अपनी मांगों और गवाहियों को पेश करने का मौका हासिल करने के लिए अंतिम तारीख का ध्यान रखें. आयोग के मुताबिक, डेडलाइन के बाद अपॉइंटमेंट के अनुरोध पर विचार सीमित होगा और आयोग के आगे के दौरों की जानकारी उसकी वेबसाइट पर अपडेट की जाएगी.
ये भी पढ़ें: DA, HRA, TA और FU पर इन 4 बदलावों से 65% तक बढ़ जाएगी सैलरी, पूरी बात समझिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं