DA Hike in 2026 Update: होली का त्योहार करीब है और इसी के साथ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की धड़कनें भी तेज हो गई हैं. हर साल की तरह इस बार भी लाखों लोग इस इंतजार में हैं कि सरकार कब उनके महंगाई भत्ते (DA Hike 2026) में बढ़ोतरी का ऐलान करेगी. आमतौर पर सरकार साल में दो बार, होली और दिवाली के आस-पास अपने कर्मचारियों को यह तोहफा देती है. इस बार 4 मार्च को होली है, इसलिए यह चर्चा जोरों पर है कि क्या त्योहार से पहले खुशियों का पिटारा खुलेगा या इस बार थोड़ा और इंतजार करना होगा. हालांकि, डीए बढ़ोतरी का ऐलान कब होगा, इसे लेकर पिछले कुछ सालों के ट्रेंड्स और आंकड़ों ने सस्पेंस बना दिया है.
आइए जानते हैं कि क्या कहता है पिछले 5 सालों के डीए रिवीजन का ट्रेंड और DA में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है और सरकार कब इसका आधिकारिक ऐलान कर सकती है. इसके साथ ही ये भी जानेंगे कि DA बढ़ने से आपकी बेसिक सैलरी में कितना इजाफा हो सकता है.
कितनी हो सकती है महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी?
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को फिलहाल 58 फीसदी महंगाई भत्ता (DA Hike Latest Update) मिल रहा है, जो जुलाई 2025 से लागू हुआ था. अब सबकी नजरें जनवरी 2026 से होने वाले अगले बदलाव पर टिकी हैं. लेबर ब्यूरो के हालिया आंकड़ों को देखें तो दिसंबर 2025 के लिए ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) 148.2 पर रहा है.
इन आंकड़ों के आधार पर जानकारों का अनुमान है कि इस बार सरकार DA में 2% का इजाफा कर सकती है, जिससे यह 58% से बढ़कर 60% पर पहुंच जाएगा.
क्या होली से पहले होगा ऐलान? जानें क्या कहते हैं आंकड़े
इस साल होली 4 मार्च को है, इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि मार्च के पहले हफ्ते में कैबिनेट इसे मंजूरी दे सकती है. हालांकि, अगर हम पिछले 5 सालों के रिकॉर्ड को देखें तो तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है. जब भी होली मार्च के शुरुआती दिनों में पड़ी है, सरकार ने अक्सर इसका ऐलान त्योहार के बाद ही किया है.
उदाहरण के लिए, साल 2025 में होली 14 मार्च को थी लेकिन DA का ऐलान 28 मार्च को हुआ था. वहीं केवल 2024 में ऐसा हुआ था जब होली 25 मार्च को थी और ऐलान 7 मार्च को ही कर दिया गया था. इसलिए इस बार भी पक्के तौर पर कुछ कहना मुश्किल है, लेकिन कर्मचारियों की उम्मीदें पूरी तरह बरकरार हैं.
आपकी सैलरी पर कितना पड़ेगा असर, कितनी बढ़ेगी सैलरी?
महंगाई भत्ते (Dearness Allowance Hike) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का सीधा असर आपकी महीने की टेक-होम सैलरी पर पड़ेगा.
अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है, तो उसे अभी 58 फीसदी के हिसाब से 29,000 रुपये डीए मिलता है. डीए के 60 फीसदी होते ही यह राशि बढ़कर 30,000 रुपये हो जाएगी, यानी हर महीने सीधे 1,000 रुपये का फायदा होगा.
इसी तरह जिनकी बेसिक सैलरी 1 लाख रुपये है, उन्हें हर महीने 2,000 रुपये ज्यादा मिलेंगे. यह छोटी सी लगने वाली रकम साल भर के हिसाब से एक अच्छी बचत साबित होती है.

7वें वेतन आयोग के बाद का पहला बड़ा बदलाव
यह जनवरी-जून 2026 वाला डीए रिवीजन इसलिए भी खास है क्योंकि यह 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल खत्म होने के बाद की पहली बढ़ोतरी है. हालांकि 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) ने काम शुरू कर दिया है और इसकी रिपोर्ट भी मार्च-अप्रैल 2026 तक आने की उम्मीद है, लेकिन इसे लागू होने में अभी वक्त लग सकता है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग के हिसाब से बढ़ी हुई सैलरी के लिए साल 2027 के आखिर या 2028 की शुरुआत तक इंतजार करना पड़ सकता है. तब तक महंगाई से राहत दिलाने के लिए ये डीए रिवीजन्स ही कर्मचारियों का सबसे बड़ा सहारा बने रहेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं