8 years ago
देश भर से दिल्ली आकर यहां के रामलीला मैदान में एकत्रित हुए किसान शुक्रवार को संसद की ओर मार्च करेंगे. किसान दो मांगों को लेकर 'किसान मुक्ति मार्च' आंदोलन कर रहे हैं. हजारों की संख्या में जुटे किसानों के सुबह 10 बजे मार्च शुरू करने की संभावना है. किसान इस बार सिर्फ दो मांगों को लेकर यह आंदोलन कर रहे हैं. उनकी मांग है कि उन्हें कर्ज से पूरी तरह मुक्ति दी जाए और फसलों की लागत का डेढ़ गुना मुआवजा दिया जाए. संसद मार्ग की तरफ किसानों के मार्च के मद्देनजर सुरक्षा के विस्तृत प्रबंध किए गए हैं. किसानों के मार्च के दौरान सड़कों के दोनों तरफ रस्सी होगी और पुलिस तैनात होगी ताकि यातायात प्रभावित न हो. गुरुवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान पर लाल टोपी पहने और लाल झंडे लिए किसानों ने 'अयोध्या नहीं, कर्ज माफी चाहिए' जैसे नारे लगाए.