Bihar Breaking News: बिहार के वैशाली जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. रामनवमी के पावन पर्व पर गंगा स्नान करने गए एक ही परिवार के 5 लोग नदी की तेज धारा में बह गए. महनार अनुमंडल के देसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गनियारी घाट पर हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस भीषण हादसे में परिवार के 3 सदस्यों के डूबने की गंभीर आशंका जताई जा रही है, जिससे कोहराम मचा हुआ है.
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

Photo Credit: NDTV Reporter
रामनवमी के अवसर पर परिवार के सदस्य पूरी आस्था के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर एकत्रित हुए थे. चश्मदीदों के अनुसार, स्नान के दौरान अचानक परिवार की एक महिला गहरे पानी की चपेट में आ गई. उसे डूबता देख बचाने के लिए परिवार के 4 अन्य सदस्य भी एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में उतर गए. लेकिन गंगा की गहराई और पानी के तेज बहाव का अंदाजा न होने के कारण देखते ही देखते सभी पांचों लोग लहरों के बीच संघर्ष करने लगे और डूबने लगे.
2 की बची जान, 3 की तलाश जारी

Photo Credit: NDTV Reporter
घाट पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, इस हादसे में एक 16 वर्षीय किशोरी, एक महिला और एक छोटी बच्ची गहरे पानी में लापता हो गई हैं, जिनके डूबने की आशंका प्रबल होती जा रही है. मौके पर मौजूद ग्रामीण श्यामनंदन राय ने बताया कि घाट पर भारी भीड़ जमा है और प्रशासन से तुरंत NDRF की टीम को बुलाने की मांग की जा रही है ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके.
गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन जारी

Patna
Photo Credit: NDTV Reporter
घटना की सूचना मिलते ही देसरी थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच चुके हैं. स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. 16 साल की बच्ची का शव मिलने की अपुष्ट खबरें हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर अभी भी 3 लोगों के डूबने की आशंका को लेकर सर्च जारी है. रामनवमी जैसे पवित्र दिन पर हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को गहरे जख्म दे दिए हैं.
ये भी पढ़ें:- 50 रुपये के नारियल में पानी कम निकला तो बीच बाजार में मच गया तांडव, 10 लोग लहूलुहान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं