Bihar News: बिहार के रोहतास जिले से एक ऐसी खबर आई है जो मामूली बात पर बढ़ते इंसानी गुस्से की खौफनाक तस्वीर पेश करती है. गुरुवार को करगहर के बभनी गांव में महज 50 रुपये के नारियल में पानी कम निकलना 'खूनी संघर्ष' की वजह बन गया, जिसमें 10 लोग अस्पताल पहुंच गए और 6 को सलाखों के पीछे जाना पड़ा.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
पूरी घटना बभनी निवासी मनीष कुमार सिंह द्वारा शिवजी सिंह की दुकान से नारियल खरीदने से शुरू हुई. मनीष जब घर पहुंचे और नारियल फोड़ा, तो उसमें पानी कम निकला. इसी बात की शिकायत लेकर मनीष वापस दुकान पहुंचे और पैसे लौटाने की मांग की. दुकानदार के इनकार करते ही तू-तू, मैं-मैं शुरू हुई जो देखते ही देखते हिंसक हो गई.
लाठी-डंडों से जानलेवा हमला
विवाद बढ़ते ही दोनों पक्षों के समर्थक और परिवार के सदस्य मौके पर जमा हो गए. मामूली बहस ने बड़े झगड़े का रूप लिया और दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. इस दौरान पहले पक्ष के संजय सिंह, मुकेश कुमार सिंह, शिवाजी सिंह और राजेश कुमार सिंह बुरी तरह जख्मी हुए. जबकि दूसरे पक्ष के प्रिंस कुमार, सुदर्शन सिंह, आशा देवी, निर्मल कुमार सिंह और बजरंगी सिंह लहूलुहान हुए. स्थानीय लोगों ने घायलों को सासाराम सदर अस्पताल रेफर कराया, जहां कई की हालत गंभीर है.
'25 लोगों ने किया हमला'
अस्पताल में भर्ती सुदर्शन सिंह ने दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनका बेटा केवल नारियल वापस करने गया था, लेकिन दुकानदार ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर दुकानदार की ओर से 20-25 लोग इकट्ठा हो गए और जानलेवा हमला कर दिया.
30 पर केस, 6 सलाखों के पीछे
वारदात की सूचना मिलते ही करगहर थाना पुलिस एक्शन मोड में आई. सासाराम एसडीपीओ-2 कुमार वैभव ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के 30 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. पुलिस ने दोनों पक्षों से 3-3 यानी कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. फिलहाल बभनी गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा तनाव न फैले.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं