- जहानाबाद से किया गया था शरजील को गिरफ्तार
- गिरफ्तार किए जाने के बाद आज लाया जाएगा दिल्ली
- मंगलवार रात को पटना के एक थाने में शरजील को रखा गया था
देश के कई हिस्सों में भड़काऊ भाषण देने के आरोपी शरजील इमाम की मंगलवार रात पटना के एक थाने में करवट बदलते-बदलते गुजर गई. इस दौरान उसने कई बार पानी और चाय पी, लेकिन उसकी आंखों से नींद दूर रही. जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र से मंगलवार को शरजील को गिरफ्तार किया गया था, जहां से उसे पटना लाया गया. पटना से उसे दिल्ली ले जाया जाना था परंतु पटना पहुंचने में हुई देरी होने के कारण उसे मंगलवार को दिल्ली नहीं ले जाया सका. बुधवार को शरजील को अब दिल्ली ले जाया जाएगा. इस बीच शरजील को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना के महिला थाना में रखा गया है.
यह भी पढ़ें: देशद्रोह के आरोपी शरजील इमाम को लेकर पटना से दिल्ली रवाना हुई पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शरजील को रात के खाने में रोटी, दाल और हरी सब्जी दी गई, परंतु उसने थोड़ा ही खाना खाया. शरजील रात को अच्छी तरह सो नहीं सका. रात को उसने पानी और चाय कई बार पी. सूत्रों का कहना है कि दिल्ली पुलिस शरजील से थोड़े-थोड़े अंतराल पर पूछताछ भी कर रही है परंतु शरजील अधिकांश प्रश्नों के उत्तर देने से बचता रहा है. इस बीच पुलिस ने शरजील का मोबाइल फोन भी खंगाला है.
शरजील को पुलिस ने मंगलवार को जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे जहानाबाद के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे पटना के रास्ते दिल्ली ले जाया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि शरजील को मंगलवार दोपहर उस समय पकड़ा, जब वह एक कार से कहीं भागने की फिराक में था.
यह भी पढ़ें: शरजील इमाम की गिरफ्तारी पर CM नीतीश कुमार ने कहा- ऐसा काम नहीं करना चाहिए जो देश...
उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच शरजील के पैतृक आवास काको में सोमवार की रात छापेमारी कर उसके भाई मुजम्मिल इमाम को हिरासत में लिया था और उसकी निशानदेही पर लगातार छापेमारी कर रही थी. गौरतलब है कि शरजील के खिलाफ अरुणाचल, असम, उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस ने देशद्रोह सहित कई धाराओं में केस दर्ज किए थे, तभी से शरजील फरार चल रहा था.
Video: क्या शरजील इमाम ने असम को पाकिस्तान में मिलाने की बात कही है ?
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं