विज्ञापन

पटना: प्रैक्टिकल के नंबर का सौदा पड़ा महंगा, 2.50 लाख की रिश्वत लेते सहायक कुल सचिव गिरफ्तार

मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव सनाउल्लाह खान को उनके ऑफिस में 2.50 लाख रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया. निगरानी विभाग की टीम अब सहायक कुल सचिव के अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है.

पटना: प्रैक्टिकल के नंबर का सौदा पड़ा महंगा, 2.50 लाख की रिश्वत लेते सहायक कुल सचिव गिरफ्तार
2.50 लाख की रिश्वत लेते सहायक कुलसचिव गिरफ्तार

बिहार में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. निगरानी विभाग की टीम आए दिन रिश्वत लेते हुए एक के बाद एक गिरफ्तारी कर रही है. ताजा मामला पटना से सामने आया है, जहां पर एक विश्वविद्यालय के सहायक कुल सचिव को 2.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पटना की मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय के सहायक कुल सचिव को रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है. 

प्रैक्टिकल के अंक चढ़ाने के लिए मांग रहे थे रिश्वत

ब्यूरो के एक अधिकारी ने बताया कि सहायक कुल सचिव के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी. समस्तीपुर के रोसड़ा के रहने वाले रामानन्द महतो ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को शिकायत दी कि सहायक कुल सचिव सनाउल्लाह खान समस्तीपुर स्थित केआरसी में नामांकित कुछ छात्रों के प्रैक्टिकल के अंक चढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं. बताया गया कि यह अंक नहीं चढ़ने के कारण छात्रों का परीक्षा परिणाम लंबित हो गया है.

सहायक कुल सचिव द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत का निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सत्यापन कराया गया और सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया. प्रथम दृष्ट्या आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. धावादल द्वारा शिकायतकर्ता के साथ मिलकर एक योजना बनाई गई.

ऑफिस से सहायक कुलसचिव की हुई गिरफ्तारी

इसके बाद मंगलवार को मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव सनाउल्लाह खान को उनके ऑफिस में 2.50 लाख रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया. ब्यूरो के अधिकारियों द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद इन्हें अदालत के सामने पेश किया जाएगा. जानकारी के अनुसार, सहायक कुल सचिव के अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है. 

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा इस वर्ष भ्रष्टाचार के खिलाफ अभी तक कुल 49 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें अब तक ट्रैप संबंधी कुल 44 मामले हैं. इनमें से अब तक कुल 42 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है और रिश्वत के 16 लाख रुपये से ज्यादा की राशि जब्त की गई है.

यह भी पढे़ं-

बिहार: अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप, 2000 तक जुर्माना, अगली बार सीधे FIR की चेतावनी

तिरहुत टाउनशिप: 4 प्रखंड के 68 गांव बनेंगे शहर, जानें मुजफ्फरपुर में कहां-कहां नहीं होगी जमीन की खरीद-बिक्री

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com