विज्ञापन

Patna News: खान सर के बॉडीगार्ड ने कोचिंग के बाहर की फायरिंग? वायरल वीडियो ने उलझाया मामला

खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में 3 लोगों की गिरफ्तारी के बाद नया वीडियो सामने आया है, जिसमें दो लोग 3 राउंड फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं. कहा जा रहा है कि ये वीडियो हमले वाले दिन का ही है.

Patna News: खान सर के बॉडीगार्ड ने कोचिंग के बाहर की फायरिंग? वायरल वीडियो ने उलझाया मामला
पटना बवाल: खान सर के बॉडीगार्ड ने ही चलाई थीं गोलियां? नया वीडियो आने से उलझा मामला
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग (Khan Global Coaching Institute) पर हुए हमले के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है. पहले पुलिस ने कहा था कि हंगामे के दौरान कोई गोली नहीं चली है, लेकिन गुरुवार को एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें दो लोग हवा में गोलियां चलाते दिख रहे हैं. चर्चा है कि गोली चलाने वालों में से एक शख्स खुद खान सर का बॉडीगार्ड (Khan Sir Bodyguard) है.

नए वीडियो में क्या दिख रहा है?

यह नया वीडियो खान सर की विरोधी कोचिंग ज्ञान बिंदु (Gyan Bindu) की तरफ से जारी किया गया है. इसमें दो लोग 3 राउंड हवा में गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह बोर्ड भी जमीन पर गिरा हुआ दिख रहा है, जिसे 2 जून की रात को उपद्रवियों ने गिराया था. इसी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वीडियो उसी रात का है जब हंगामा हुआ था.

पुलिस और खान सर ने पहले क्या कहा था?

मंगलवार रात जब बवाल हुआ, तब खान सर ने मीडिया से कहा था कि हमलावरों ने उनकी कोचिंग पर गोलियां चलाई हैं. लेकिन, जब पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो उन्हें गोली चलने का कोई सबूत नहीं मिला. पुलिस की इस बात के बाद खान सर भी अपने बयान से पीछे हट गए थे. अब यह नया वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की दोबारा गहराई से जांच कर रही है.

विरोधी कोचिंग के डायरेक्टर गए जेल

पुलिस की जांच में सामने आया कि यह पूरा बवाल पटना की दो बड़ी कोचिंग के बीच की आपसी दुश्मनी का नतीजा है. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विरोधी कोचिंग ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद (Roshan Anand) और उनके दो साथियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी रौशन आनंद इस वक्त बेऊर जेल में बंद हैं. इस पूरी घटना में खान सर की कोचिंग के एक गार्ड का सिर फट गया था, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

जेल जाने से पहले रौशन आनंद ने क्या कहा?

रौशन आनंद ने खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि हाल ही में हुए बिहार पुलिस की परीक्षा में उनकी कोचिंग ज्ञान बिंदु के बच्चों का रिजल्ट बहुत अच्छा आया है. रौशन आनंद का आरोप है कि उनकी इसी सफलता से चिढ़कर खान सर ने उन्हें फंसाने की साजिश रची है. उन्होंने यह भी बताया कि वे किडनी के मरीज हैं, उनका हाल ही में ऑपरेशन हुआ है और वे कई दिनों से बीमार चल रहे हैं.

ये भी पढ़ें:- खान सर विवाद में जेल गए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर, बोले- जब कोई आगे बढ़ता है तो उसे ऐसे ही दबाया जाता है

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com