Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में प्रसिद्ध शिक्षक खान सर (Faisal Khan) के खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट (Khan Global Coaching Centre) पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बुधवार को सख्त कार्रवाई करते हुए प्रतिद्वंद्वी संस्थान ज्ञान बिंदु अकैडमी (Gyan Bindu Academy) के डायरेक्टर रौशन आनंद (Roshan Anand) को बेऊर जेल (Beur Jail) भेज दिया. जेल जाने से पहले रौशन आनंद ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया. उन्होंने हमले और गोलीबारी के आरोपों को सिरे से नकारते हुए दावा किया है कि उनके संस्थान के शानदार नतीजों से घबराकर उन्हें फंसाया जा रहा है. इस पूरी घटना के बाद बिहार सरकार भी एक्शन में है और राज्य में नई कोचिंग नीति लागू करने की तैयारी की जा रही है.
'गोलीबारी नहीं हुई, मुझे बर्बाद करने की साजिश'
जेल जाने से ठीक पहले अपने बयान में रौशन आनंद ने कहा कि पटना पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति से यह स्पष्ट हो चुका है कि मौके पर कोई गोली नहीं चली है. उनका आरोप है कि गोली चलाने वाली बात को बेवजह हाइलाइट करके उन्हें जानबूझकर जेल भेजा जा रहा है. आनंद ने इसे पूरी तरह से उन्हें और उनके संस्थान ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने का एक सुनियोजित षड्यंत्र बताया है. उनका दावा है कि जब कोई मेहनत के बल पर आगे बढ़ता है, तो उसे इसी तरह दबाने का प्रयास किया जाता है.
#WATCH | Patna, Bihar: On Stone pelting at Khan Sir's coaching centre, Director, Gyan Bindu Coaching, Raushan Anand says, "... There is a conspiracy against us. After the success of the Bihar police exam results, they are trying to trap us. Kisan cold storage owners and Khan Sir… pic.twitter.com/CGERfqFWp4
— ANI (@ANI) June 3, 2026
'मैं 3 दिन से बीमार हूं, किडनी का मरीज हूं'
घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए रौशन आनंद ने कहा कि उन्हें इस घटना की पहले से कोई जानकारी ही नहीं थी. उन्होंने अपने गिरते स्वास्थ्य का हवाला देते हुए बताया कि वे पिछले तीन दिनों से बीमार चल रहे हैं. वे किडनी के मरीज हैं, एक साल पहले ही उनका ऑपरेशन हुआ है और गिरफ्तारी वाले दिन सुबह से ही वे दर्द से पीड़ित थे.
'बिहार पुलिस में अच्छे रिजल्ट के कारण फंसाया गया'
रौशन आनंद ने खान सर पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में घोषित बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में 'ज्ञान बिंदु' का रिजल्ट काफी बेहतर आया था. उनका आरोप है कि इसी कामयाबी से परेशान होकर खान सर की ओर से उन्हें फंसाने की साजिश रची गई है. हालांकि, आनंद ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और सत्यमेव जयते का उद्घोष करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि वे निर्दोष साबित होंगे.
मंगलवार रात खान सर के कोचिंग पर हुआ था हमला
बताते चलें कि 2 जून की रात लगभग 10:10 बजे पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में 15-20 असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ और पथराव किया था. इस घटना में संस्थान के सुरक्षागार्ड को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में चल रहा है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती जांच के बाद रोशन आनंद, अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है.
फायरिंग के दावों पर पटना पुलिस का स्पष्टीकरण
हमले के तुरंत बाद खान सर ने दावा किया था कि हमलावरों ने उनके सुरक्षा गार्ड को पीटा और गोलियां भी चलाईं. हालांकि, डीएसपी-1 (शहर) राजेश रंजन के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच में गोलीबारी की कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि कोचिंग संस्थान के प्रबंधक कन्हैया कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत में भी फायरिंग का कोई जिक्र नहीं है, सिर्फ ईंट-पत्थर फेंकने और होर्डिंग गिराने की बात सामने आई है.
3 महीने में लागू होगी नई कोचिंग नीति
पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की इस हिंसक लड़ाई को देखते हुए बिहार सरकार ने सख्त रवैया अपनाया है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शिक्षा विभाग अगले 3 महीने के भीतर एक नई कोचिंग नीति और मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट तैयार करेगा. इसी आचार संहिता के दायरे में रहकर अब बिहार के सभी कोचिंग संस्थानों को अपना संचालन करना होगा.
ये भी पढ़ें:- खान कोचिंग मामले में रौशन आनंद का आरोप, किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक और खान सर कर रहे हैं साजिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं