विज्ञापन

पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों के बवाल के बाद रेलवे का बड़ा फैसला, पहले सिर्फ 2, अब चलेंगी 16 स्पेशल ट्रेनें

पाटलिपुत्र स्टेशन पर 13 जून की रात छात्रों के हंगामे के बाद रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अब सिर्फ दो नहीं, बल्कि 16 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी.

पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों के बवाल के  बाद रेलवे का बड़ा फैसला, पहले सिर्फ 2, अब चलेंगी 16 स्पेशल ट्रेनें
patlipura station student protest
NDTV

Patliputra Station Railway News: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं के सीजन के बीच रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही छात्रों की भारी भीड़ और ट्रेनों में सीट न मिलने की किल्लत को लेकर रेलवे प्रशासन आखिरकार बैकफुट पर आ गया है. दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत पाटलिपुत्र स्टेशन पर शनिवार रात 13 जून को ट्रेन लेट होने से गुस्साएं हजारों अभ्यर्थियों ने जबरदस्त हंगामा किया था. इस हंगामे के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों, खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है. परीक्षार्थियों के गुस्से और वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए रेलवे ने पहले घोषित की गईं सिर्फ दो स्पेशल ट्रेनों के फैसले को बदलते हुए अब कुल 16 स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है.

पहले केवल 2... अब दौड़ेंगी 16 स्पेशल ट्रेनें

पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है. इसके तहत अब कुल 16 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा.   परीक्षार्थियों को यात्रा में परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए रेलवे ने नई और स्पेशल ट्रेने चलाने का फैसला किया है. ये ट्रेनें मुख्य रूप से उन रूटों पर चलाई जा रही हैं जहां परीक्षार्थियों का दबाव सबसे अधिक है." उन्होंने यह भी कहा कि इन ट्रेनों के चलने से नियमित ट्रेनों पर लोड कम होगा और छात्र बेहतर तरीके से सफर कर सकेंगे. जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जाएंगे.

patliputra-station-student-protest-bihar-exam-special-trains

पाटलिपुत्र स्टेशन पर प्रदर्शन करते हुए छात्र
Photo Credit: NDTV

हंगामे के बाद हरकत में आया रेलवे प्रशासन

बता दें कि,  शनिवार रात 13 जून को पाटलिपुत्र स्टेशन पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने जाने के लिए पहुंचे थे. विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कारण ट्रेनों में अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ गई थी. कई ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ हो गई, जिससे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. स्थिति उस समय तनावपूर्ण बन गई जब कुछ छात्रों ने ट्रेनों में जगह नहीं मिलने और पर्याप्त अतिरिक्त व्यवस्था नहीं होने को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया,जिसके कारण स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थिति को संभालने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी.

इस घटना के बाद रेलवे मुख्यालय ने आपातकालीन बैठक बुलाते हए स्थिति की समीक्षा की, जिसमें यह माना गया कि परीक्षा सीजन में अतिरिक्त ट्रेनों की आवश्यकता पहले से अधिक है. इसी के मद्देनजर रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया.

सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क

पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुए हंगामे के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। रेलवे स्टेशन परिसरों में आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती की गई है. वही रेलवे स्टेशन पर हुए उपद्रव के मामले में भी पुलिस  ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है. हंगामे और तोड़फोड़ के आरोप में  सीसीटीवी फुटेज, वीडियो क्लिप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

Report: Gaurav Kumar 

यह भी पढ़ें: पटना में छात्रों का जबरदस्त हंगामा, ट्रेन लेट होने के कारण स्टेशन पर की तोड़फोड़, कई पुलिसकर्मी घायल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
 Bihar News, Bihar News, Patliputra, Bihar Student Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com