विज्ञापन

नेपाल से बिहार हो रही गांजे की सप्लाई, 85 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को पुलिस ने दबोचा

बिहार के बेतिया जिले में बलथर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 85 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है. नेपाल से लाई जा रही इस खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त हुआ है.

नेपाल से बिहार हो रही गांजे की सप्लाई, 85 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को पुलिस ने दबोचा
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Bihar News: बिहार के बेतिया जिले में बलथर पुलिस ने सघन वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की. माजर पूल के पास चल रहे अभियान के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका गया. तलाशी लेने पर गाड़ी की डिक्की से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ था.  

शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को स्कॉर्पियो में रखे आठ बंडलों से कुल 85.15 किलोग्राम गांजा मिला. तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया और वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया. यह खेप अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़ी बताई जा रही है.

दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल कनेक्शन सामने आया

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया. इनकी पहचान बलथर थाना क्षेत्र के कादिर शेख और नेपाल के परसा निवासी जुगेश्वर राउत के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे नेपाल से गांजा लेकर भारत के विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस की सख्ती से तस्करी नेटवर्क पर चोट

नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी. लगातार जांच और निगरानी के चलते इस तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो सका है.

इस पूरी कार्रवाई में बलथर थानाध्यक्ष लालदेव दास समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य राजीव कुमार पासवान, रंजीत कुमार, हिम्मत कुमार और मिथुन कुमार की अहम भूमिका रही. सभी की सतर्कता से यह सफलता मिली.

आरोपियों को भेजा जा रहा जेल

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गांजा तस्करी का मामला दर्ज कर लिया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेजा जा रहा है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.

यह भी पढ़ें- जयपुर फायरिंग कांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, कमल सिरसी पर रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने किया था हमला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com