बिहार के रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादाबाद गांव में मंगलवार (24 मार्च) को युवक की हत्या की गई थी. वहीं उस युवक के साथ जिस तरह से बर्बरता की गई उस दिनदहाड़े हत्या का बेहद विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है. इस जघन्य वारदात में शामिल हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी, जिसकी पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. युवक को रस्सी से बांध कर घसीटा गया और लाठी-डंडों से पीटा गया.
मानवता शर्मसार करने वाली क्रूरता
वायरल वीडियो में मुरादाबाद गांव के समीप सासाराम-चौसा पथ पर कुछ लोग एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटते नजर आए. हमलावर पीड़ित के पैर में रस्सी बांधकर उसे सड़क पर घसीट रहे हैं, जबकि अन्य लोग लाठी-डंडों से लगातार वार कर रहे थे. हमलावरों के सिर पर खून सवार था और उन्होंने मानवता को शर्मसार कर दिया.
तमाशबीन बनी रही भीड़
इस पूरी घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि दिनदहाड़े सड़क पर हो रही इस बर्बरता को लोग सिर्फ देखते रहे. किसी ने भी आगे बढ़कर पीड़ित को बचाने या हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई. युवक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई आगे नहीं आया. यह वीडियो पास के एक मकान की खिड़की से बनाया गया बताया जा रहा है.
दो गिरफ्तार बाकी की तलाश जारी
मामले में सदर डीएसपी टू कुमार वैभव ने बताया कि वायरल वीडियो इसी हत्या कांड से जुड़ा है. पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है.
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक और हमलावरों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. मंगलवार को जब मृतक बाइक से बाराडीह गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे घेर कर पकड़ लिया गया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई.
बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर कुछ दिन पहले मृतक के भाई के साथ भी मारपीट हुई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था.
यह भी पढ़ेंः बिहार के ASI को 'हीरो' बनना पड़ा भारी, रील वायरल होने पर SP ने किया सस्पेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं