- कैमूर पुलिस ने एक प्रेमिका द्वारा प्रेमी की हत्या के लिए रची गई साजिश का खुलासा किया है
- सृष्टि कुमारी ने शादी में बाधा डालने वाले प्रेमी प्रेम पासी को रास्ते से हटाने का फरमान दिया था
- सोहेल खान और आशीष पांडे ने मफलर पहनने वाले युवक सुशील चौरसिया को प्रेम पासी समझकर गोली मार दी
प्यार, धोखा और फिर रोंगटे खड़े कर देने वाली साजिश. कैमूर पुलिस ने एक ऐसे हत्याकांड का खुलासा किया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए मौत का जाल बुझा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. कातिलों ने गलत पहचान के चक्कर में एक ऐसे युवक को मौत के घाट उतार दिया, जिसका इस पूरे विवाद से कोई लेना-देना ही नहीं था.
शादी में बाधा बन रहा था प्रेमी, सुपारी देकर रची हत्या की साजिश
मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस अधीक्षक (SP) हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि सृष्टि कुमारी नामक युवती का प्रेम प्रसंग उसके घर के सामने रहने वाले प्रेम पासी से चल रहा था. इसी बीच सृष्टि की शादी कहीं और तय हो गई. आरोप है कि प्रेमी प्रेम पासी इस शादी में बाधा डाल रहा था और सृष्टि को ब्लैकमेल कर रहा था. ब्लैकमेलिंग से तंग आकर सृष्टि ने अपने मुंहबोले भाई सोहेल खान से संपर्क किया और प्रेम पासी को रास्ते से हटाने का फरमान सुना दिया.

मफलर बना मौत का कारण: पहचान में हुई भारी चूक
21 जनवरी की शाम को साजिश को अंजाम देने के लिए सोहेल खान अपने साथी आशीष पांडे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर भगवानपुर बाजार पहुंचा. वहां एक नाबालिग लड़का 'लाइनर' का काम कर रहा था और लोकेशन दे रहा था. प्रेम पासी अपनी बाइक मुन्ना मिस्त्री की दुकान के बाहर खड़ी कर अंदर चला गया. मृतक सुशील चौरसिया उसी बाइक के पास खड़ा था. कड़ाके की ठंड के कारण सुशील ने अपना चेहरा मफलर से लपेट रखा था. हमलावरों ने मफलर और बाइक देखकर सुशील को ही 'प्रेम पासी' समझ लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत की नींद सुला दिया.
सीसीटीवी ने खोला राज, सलाखों के पीछे पहुंचे चारों आरोपी
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जब जांच शुरू की, तो सीसीटीवी फुटेज ने पूरी कहानी साफ कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साजिश रचने वाली प्रेमिका सृष्टि कुमारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं