कोरोना के प्रकोप को देखते हुए बिहार सरकार ने भी राज्य में लॉक डाउन करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता कर्फ्यू की अवधि खत्म होने के बाद एक आदेश जारी करते हुए कहा कि बिहार के सभी जिला मुख्यालयों, नगरपालिका शहरों और ब्लॉक मुख्यालयों में 31 मार्च तक लॉकडाउन लागू रहेगा. बिहार सरकार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा तत्काल प्रभाव से फिलहाल 31 मार्च 2020 तक के लिए सभी जिला मुख्यालयों, सभी अनुमंडल मुख्यालयों, सभी प्रखंड मुख्यालयों और सभी निकायों के लॉकडाउन का फैसला लिया गया है. इस दौरान प्राइवेट संस्थानों, दफ्तरों और पब्लिक ट्रांस्पोर्ट को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा.
हालांकि सरकार ने साफ कर दिया लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सामानों की आपूर्ति को जारी रखा जाएगा. जिसमें दवा की दुकाने, डेयरी संबंधित प्रतिष्ठान, अस्पताल, किराने की दुकान, पेट्रोल पंप व सीएनजी पंप, बैंकिंग और एटीएम, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जैसी सेवाओं और इन सेवाओं के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को इस आदेश की परिधि से बाहर रखा गया है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि कोरोना के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही इस मुहिम में अपना सहयोग दें.
बता दें कि देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. कोरोना वायरस के खतरे पर नियंत्रण के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'जनता कर्फ्यू' का आह्वान किया है. देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 341 हो गई. आज 26 नए मामले सामने आए हैं. इस वायरस से अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है. आज बिहार और महाराष्ट्र में दो लोगों की मौत की खबर है. बिहार में एक 38 साल के युवक की मौत हुई है और माना जा रहा है कि अब तक मृतकों में यह सबसे कम उम्र का है. बताया जा रहा है कि हाल ही में वह कतर से वापस आया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं