बिहार की राजधानी पटना से एक वीडियो सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है. JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अचानक डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के आवास पहुंच गए, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई. इस दौरान राज्य की राजनीति, सरकार के कामकाज और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की बात सामने आई है.
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार गुरुवार को अचानक उपमुख्यमंत्री चौधरी के आवास पहुंच गए. यहां दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई. जैसे ही दोनों की बातचीत पूरी हुई, नीतीश कुमार बाहर निकले. उनके पीछे-पीछे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी थे. इसी बीच, अपनी कार पर सवार होने के बाद नीतीश कुमार रुके, उन्होंने अपने सुरक्षा में लगे सिक्योरिटी स्टाफ को भी रोका और कहा कि जरा विजय चौधरी से बात कर लें.
इसके बाद विजय कुमार चौधरी भी पहुंचे और चंद मिनटों के बीच दोनों के बीच बातचीत हुई. जदयू अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा, "शाम में आइए और एक-एक चीज बताइए, क्या हो रहा है और क्या नहीं, अच्छे से काम कीजिए." अब इस विषय को लेकर प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म है. इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. अब नीतीश कुमार के उपमुख्यमंत्री के दिए निर्देश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह महनार विधायक उमेश सिंह कुशवाहा जी के 7एम स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास पर भी पहुंचे. उन्होंने कुशवाहा एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं से भेंट की तथा सभी का अभिवादन स्वीकार किया. प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि नीतीश कुमार ने संगठन के विस्तार और बिहार के समग्र विकास की दिशा में निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करने के निर्देश दिए.
ये भी पढे़ं : बिहार: थाना बना शादी का मंडप, प्रेमिका की गुहार पर पुलिस ने प्रेमी से कराई शादी; छिड़ा कानूनी विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं