विज्ञापन
This Article is From Sep 08, 2024

बिहार में बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलाधिकारी भी बदले 

बिहार सरकार ने कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. साथ ही कई जिलेां के जिलाधिकारियों का भी ट्रांसफर किया गया है.

बिहार में बड़े पैमाने पर IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलाधिकारी भी बदले 
पटना :

बिहार में शनिवार शाम बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का तबादला किया गया. कई जिलों के जिलाधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, 2010 बैच के आईएएस अधिकारी राजकुमार को भोजपुर के जिलाधिकारी पद से स्थानांतरित करते हुए कम्फेड, पटना का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. शिवहर के समाहर्ता एवं जिला पदाधिकारी पंकज कुमार को प्राथमिक शिक्षा का निदेशक बनाया गया है तथा खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक नैय्यर इकबाल को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है. 

इसी तरह, जमुई के जिला पदाधिकारी राकेश कुमार को चकबंदी का निदेशक, मध्याह्न भोजन के निदेशक मिथिलेश मिश्र को लखीसराय का जिलाधिकारी, रोहतास के जिलाधिकारी नवीन कुमार को बिहार का राज्य परिवहन आयुक्त बनाया गया है.

अधिसूचना के मुताबिक, अररिया के जिलाधिकारी इनायत खान को सहयोग समितियां के निबंधक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नगर विकास और आवास विभाग के अपर सचिव अनिल कुमार यादव को श्रम संसाधन विभाग का अपर सचिव, निर्वाचन विभाग के अपर सचिव आनंद शर्मा को पंचायती राज का निदेशक तथा जितेंद्र गुप्ता को बिहार राज्य योजना पर्षद का संयुक्त सचिव बनाया गया है. इसके अलावा पंचायती राज के उप निदेशक विद्यानंद सिंह को योजना और विकास विभाग, अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग का निदेशक, किशनगंज के जिलाधिकारी तुषार सिंगला को बेगूसराय का जिलाधिकारी, अरवल के जिलाधिकारी वर्षा सिंह को नगर विकास एवं आवास विभाग का संयुक्त सचिव, मधेपुरा के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा को नि:शक्तता विभाग के निदेशक का दायित्व सौंपा गया है.

इसी तरह, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के निदेशक तरनजोत सिंह को मधेपुरा का जिलाधिकारी, राज परिवहन आयुक्त विशाल राज को किशनगंज का जिलाधिकारी, नगर विकास एवं आवास विभाग के संयुक्त सचिव आरिफ अहसन को शेखपुरा का जिलाधिकारी बनाया गया है.
 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, IAS Officers Transfer, IAS Officers Transfer In Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com