Gopalganj News: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) और भोजपुरी की मशहूर गायिका गुंजन सिंह (Gunjan Singh) को एक चर्चित वायरल वीडियो मामले में कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील डांस के विवाद में घिरे इन दोनों चर्चित चेहरों की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं होगी. शुक्रवार को कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई तक दोनों की गिरफ्तारी पर रोक बरकरार रखी है.
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत बीते 2 और 3 मई को गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव से हुई. यहां एक उपनयन संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें जदयू विधायक अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुए थे. कार्यक्रम के अगले दिन सोशल मीडिया पर दो वीडियो हुए. पहले वीडियो में अनंत सिंह अश्लील डांस का लुत्फ उठाते दिखे, तो दूसरे वीडियो में दर्जनों लोग खुलेआम हथियार लहराते हुए डांस करते नजर आए. इसी वीडियो में अनंत सिंह के पीछे बैठे एक शख्स के हाथ में AK पैटर्न जैसी घातक राइफल भी दिखाई दी थी.
दर्ज है नामजद FIR
वायरल वीडियो के संज्ञान में आने के बाद मीरगंज थाने की साइबर सेल ने 4 मई को ही मामला दर्ज कर लिया था. इस केस में विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय सहित कुल 9 लोगों को नामजद किया गया था. पुलिस ने सभी आरोपियों को नोटिस भेजकर हथियारों के वेरिफकेशन और बैलेस्टिक जांच के लिए मीरगंज थाने बुलाया था, लेकिन पुलिस की चेतावनी के बावजूद कोई भी आरोपी थाने नहीं पहुंचा था.
अब CID के पाले में गेंद
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार ने जांच का जिम्मा स्थानीय पुलिस से हटाकर CID को सौंप दिया है. पहले गोपालगंज पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही थी, लेकिन अब सीआईडी इस पूरे वायरल वीडियो और अवैध हथियारों के प्रदर्शन की परतें खोलेगी.
कोर्ट ने दी अगली तारीख
इस मामले को लेकर गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट (ADJ-3) में सुनवाई चल रही है. 5 जून को हुई सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की दलीलों के बाद कोर्ट ने फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक जारी रखने का आदेश दिया है. अनंत सिंह के वकील ने मीडिया को जानकारी दी कि मामले की अगली सुनवाई अब 8 जून को तय की गई है. तब तक के लिए बाहुबली विधायक और भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह को गिरफ्तारी का डर नहीं सताएगा.
ये भी पढ़ें:- बाहुबली विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से फिर राहत, अश्लील डांस और हथियार लहराने के मामले में गिरफ्तारी पर रोक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं