सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र स्थित हंसवाहिनी पब्लिक स्कूल के सह हंस कोचिंग सेंटर में चौथी कक्षा के एक छात्र की बेल्ट से पिटाई करने का मामला सामने आया है. घटना आज सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद विद्यालय परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ. छात्र के परिजनों ने जमकर हंगामा किया. स्कूल आरोपों को खारिज कर रहा है.
बेल्ट से पीटने का आरोप
पीड़ित छात्र, पिपरा थाना क्षेत्र का निवासी है, छात्र का आरोप है कि रविवार के कारण वह अपने भाई के साथ स्कूल परिसर में खेल रहा था. इसी दौरान स्कूल के निदेशक रूपेश कुमार वहां पहुंचे, और आपसी गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए उसे बेल्ट से मारना शुरू कर दिया. छात्र का कहना है कि उसने कई बार छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिससे वह घायल हो गया.
बच्चे के शरीर पर चोट के निशान
परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी तब हुई जब वे बच्चे को ड्रेस देने स्कूल पहुंचे. बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखकर वे भड़क गए. आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, तो शिक्षक और अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर उनसे उलझ गए और धक्का-मुक्की की. घायल छात्र को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया.
स्कूल के निदेशक रूपेश कुमार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्चों के बीच आपसी विवाद हुआ था, और शिक्षक द्वारा किसी प्रकार की पिटाई नहीं की गई है. उन्होंने इसे बेबुनियाद आरोप बताया.
पुलिस बोली- शिकायत पर करेंगे कार्रवाई
इस मामले में त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. डीएम सावन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं, और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है.
(अभिषेक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें: बिहार: दो पतियों संग सेक्स रैकेट चलाती थी नेहा, पुलिस के सामने खोला राज- नाबालिग लड़कियों को बनाती थी शिकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं