बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों के संदेह में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान से संपर्क रखने और साजिश रचने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के गाढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने टकौर गांव निवासी मोहम्मद इखलाक और मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया है. इन दोनों पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़े होने और देश विरोधी साजिशें रचने का गंभीर आरोप है. मामला तब खुला जब पुलिस की तकनीकी शाखा को इंस्टाग्राम पर संदिग्ध गतिविधियों के इनपुट मिले.
कैसे शुरू हुआ पूरा खेल?
जांच में पता चला कि मोहम्मद इखलाक इंस्टाग्राम पर "MD Khan Jan" नाम की आईडी चलाता था. इसी दौरान वह पाकिस्तान से जुड़े "MD Rana" नाम के अकाउंट के संपर्क में आया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी अकाउंट से हथियार और भड़काऊ सामग्री साझा की जाती थी, जिससे इखलाक लगातार प्रभावित हो रहा था. धीरे-धीरे दोनों की बातचीत "Abaez Z-333" नामक व्हाट्सएप ग्रुप पर शिफ्ट हो गई. पुलिस के अनुसार, इस ग्रुप में 300 से 400 सदस्य जुड़े हुए थे.
दंगों और अराजकता फैलाने का आरोप
पुलिस का दावा है कि "MD Rana" नामक व्यक्ति इखलाक को मॉब लिंचिंग, सामाजिक अशांति और अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के लिए न केवल उकसाता था, बल्कि इन कामों के बदले पैसों का प्रलोभन भी देता था. इखलाक और अरमान, जो गुजरात की एक सिलाई फैक्ट्री में काम करते थे और हाल ही में 14 जून 2026 को अपने गांव लौटे थे, पुलिस की रडार पर आ गए.
मोबाइल और सिम कार्ड से खुलेगा राज
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस अब इन गैजेट्स की फॉरेंसिक जांच करवा रही है ताकि यह पता चल सके कि इनके तार और कितने लोगों से जुड़े हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह जांच अभी शुरुआती चरण में है और डिजिटल सबूतों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जांच में जुटी एजेंसियां
यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे बहुत गंभीरता से ले रही है. सभी डिजिटल साक्ष्यों और चैट रिकॉर्ड्स का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है ताकि साजिश की पूरी परतें खोली जा सकें. फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- सबसे तेजी से फैलने वाला वायरस बना इबोला, 750 लोगों की मौत; वैज्ञानिक भी नहीं समझ पा रहे आखिर हो क्या रहा है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं