- नीतीश कुमार ने जारी किए 100 करोड़ रुपये
- बिहार में गरीब वर्ग के लोगों को मिलेगी राहत
- बिहार में भी दिख रहा है लॉकडाउन का असर
बिहार (Bihar) में भी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कई मामले सामने आ चुके हैं. लॉकडाउन की वजह से राज्य का गरीब वर्ग खासा प्रभावित हो रहा है. इन्हीं सब मामलों को देखते हुए सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने लॉकडाउन के मद्देनजर मुख्यमंत्री राहत कोष से 100 करोड़ रुपये जारी किए हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस राशि का उपयोग आपदा राहत केंद्र बनाने के लिये होगा. इनमें लॉकडाउन की वजह से प्रभावित मजदूरों, रिक्शाचालक, ठेला वेंडर एवं रास्ते में फंसे गरीबों के भोजन एवं आवासन की व्यवस्था की जाएगी. प्राप्त जानकारी के अनुसार जो लोग बिहार के नागरिक हैं और दूसरे राज्यों में फंसे हैं या रास्ते में हैं उन्हें स्थानिक आयुक्त रेसिडेंट कमिश्नर के माध्यम संबंधित राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर वहीं पर भोजन एवं आवासन की व्यवस्था बिहार सरकार के खर्च पर की जा रही है.
आपदा राहत केंद्रों पर कोरोना वायरस की रोकथाम से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी. उल्लेखनीय है कि मुंगेर जिला के दो मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद बिहार में इस रोग से संक्रमित लोगों की संख्या बढकर अब 6 हो गयी जबकि इससे मुंगेर निवासी एक मरीज की शनिवार को मौत हो गयी थी. पटना स्थित राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट (RMRI) के निदेशक डॉक्टर प्रदीप दास ने गुरूवार को बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण वाले दो नए मामले मुंगेर के हैं.
Coronavirus के मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने गाया जबरदस्त गाना, देखें Viral Video
डॉक्टर दास ने आगे बताया कि अबतक कोरोना वायरस के 401 संदिग्ध सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिसमें से 6 पॉजिटिव तथा 395 निगेटिव पाए गए हैं. मुंगेर निवासी जिस व्यक्ति की शनिवार को मौत हो गयी थी, उनके संपर्क में बीते दिनों में 64 व्यक्ति आए थे. इनमें से 55 के सैंपल जांच के लिए आरएमआरआई में भेजे गये हैं और कोरोना संक्रमण के ये दोनों मामले उन्हीं में से हैं. इनमें एक महिला (40) और एक बच्चा (12) शामिल हैं. मुंगेर के जिलाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि इन दोनों मरीजों को इलाज के लिए भागलपुर भेजा जाएगा जबकि बाकी अन्य को होम क्वॉरन्टीन में रखा गया है. (इनपुट भाषा से भी)
VIDEO: कनिका कपूर हुई आइसोलेट, उनके घर के इलाके को किया गया लॉकडाउन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं