बिहार में पुलों के टूट-फूट की खबरों के बीच अब मुंगेर को भागलपुर और संथाल परगना से जोड़ने वाली मुंगेर-मिर्जा चौकी फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. अभी इस सड़क पर पूरी तरह गाड़ियों का आना-जाना शुरू भी नहीं हुआ है कि घोरघट और गनगनिया के बीच सड़क में बड़ी दरार आ गई है. इतना ही नहीं, सड़क के किनारे की मिट्टी भी लगातार नीचे खिसक रही है. पुल में आई दरार के बाद प्रशासन भी अलर्ट हो गया है. मुंगेर के डीएम निखिल धनराज निपनिकर ने कहा कि उन्होंने इस घटना की जानकारी प्रोजेक्ट डायरेक्टर NHAI को दी है. इसकी जांच की जा रही है.
डीएम ने बनाई समिति
डीएम ने कहा कि हमें पुल में दरार का एक वीडियो मिला था. उन्होंने कहा कि हमने प्रोजेक्ट डायरेक्टर NHAI से बात की है. तुरंत हमलोग जांच करके जो भी जरूरी होगा उसे ठीक करेंगे. उन्होंने कहा कि चूंकि विक्रमशीला पुल अभी पूरी तरह से संचालित नहीं है तो इस पुल पर काफी दबाव है. डीएम ने कहा कि हमने पुल में दरार कैसे आई है, इसके लिए एक समिति बना दी है जो जांच कर हमें रिपोर्ट देगी. डीएम ने साथ ही कहा कि आने वाले समय में श्रावणी मेले के कारण यहां ट्रैफिक काफी बढ़ेगा तो उसके लिए भी हमने एक ट्रैफिक प्लान बना लिया है.
मुंगेर: उद्घाटन से पहले ही मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन में दरार, 3792 करोड़ रुपये की इस परियोजना की जांच के आदेश जारी#Munger | #Bihar pic.twitter.com/QxttMxFieJ
— NDTV India (@ndtvindia) July 15, 2026
NHAI के अधिकारी ने की जांच
उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस दरार को तुरंत ठीक नहीं किया गया, तो भारी ट्रकों और गाड़ियों के चलने से सड़क पूरी तरह टूट सकती है. जिससे बड़ा हादसा होने का डर है. गौरतलब है कि 3,792 हजार करोड़ का है यह पूरा प्रोजेक्ट. मामला बढ़ने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनीष कुमार ने खुद मौके पर जाकर जांच की है. उन्होंने बताया कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि अंदर की मिट्टी खिसकने की वजह से सड़क फटी है.
तो पूरा पैनल उखाड़कर बनेगा
उन्होंने काम करने वाली एजेंसी को सख्त आदेश दिया है कि इसकी पूरी तकनीकी जांच की जाए. डायरेक्टर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सड़क के उस पूरे हिस्से (पैनल) को उखाड़कर दोबारा नए सिरे से और नियमों के मुताबिक बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में कभी ऐसी दिक्कत न आए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं