- बिहार सरकार ने अगले पंद्रह दिनों के भीतर बिना अनुमति डीजे बजाने पर पूर्णतः रोक लगाने का निर्णय लिया है
- ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने अवैध डीजे वाहन और ट्रॉलियों की जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है
- तेज आवाज वाले डीजे से हार्ट अटैक जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के साथ अश्लीलता और सामाजिक माहौल बिगड़ने की शिकायत है
पटना: बिहार में अब बिना अनुमति के डीजे (DJ) बजाना भारी पड़ने वाला है. नीतीश सरकार ने राज्य में अनियंत्रित डीजे और उससे होने वाले शोर पर नकेल कसने की तैयारी कर ली है. विधान परिषद में गुरुवार को सरकार की ओर से घोषणा की गई कि अगले 15 दिनों के भीतर अवैध रूप से बजने वाले डीजे पर पूर्णतः रोक लगा दी जाएगी.
मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा ऐलान
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में जानकारी देते हुए कहा कि राज्य भर में उन गाड़ियों और ट्रॉलियों की जांच की जाएगी जिन्हें अवैध रूप से डीजे वाहन में तब्दील कर दिया गया है. बिना अनुमति डीजे लगाने वाले वाहनों को न सिर्फ पकड़ा जाएगा, बल्कि उन्हें तुरंत बंद भी कराया जाएगा. जिन वाहनों की बनावट में बदलाव कर डीजे ट्रॉली बनाई गई है, उनके मालिकों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
बिहार में बिना अनुमति डीजे बजाने पर 15 दिन में कार्रवाई
— NDTV India (@ndtvindia) February 20, 2026
बिहार में बिना अनुमति डीजे बजाने पर सख्ती की तैयारी है. विधान परिषद में गुरुवार को मंत्री श्रवण कुमार ने घोषणा की कि 15 दिनों के भीतर ऐसे डीजे पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी. पूरे राज्य में उन वाहनों की जांच होगी… pic.twitter.com/7AFqyaga1F
डीजे से हार्ट अटैक और अश्लीलता का मुद्दा
यह मुद्दा विधान पार्षद वंशीधर बृजवासी ने सदन में उठाया था. उन्होंने डीजे से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तेज आवाज वाले डीजे के कारण लोगों को हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. डीजे पर अक्सर अश्लील गाने बजाए जाते हैं, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ता है और उपद्रव की स्थिति पैदा होती है. शोर और अश्लीलता के कारण थानों में लगातार मामले दर्ज हो रहे हैं.
"शादी-ब्याह में सिफारिश न करें माननीय"
मंत्री श्रवण कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन तो दिया, लेकिन साथ ही सदस्यों को चुटकी लेते हुए सचेत भी किया. उन्होंने कहा कि जब शादी-ब्याह के सीजन में डीजे बंद कराए जाएंगे, तो माननीय सदस्य ही पैरवी के लिए फोन करेंगे. उन्होंने अपील की कि नियम लागू होने पर सभी को इसका ख्याल रखना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं