विज्ञापन

बिहार में बारूद का बड़ा जखीरा मिला, नक्सलियों की तबाही मचाने की बड़ी साजिश हुई नाकाम

बरामद किए गए डेटोनेटर और विस्फोटक सामग्री को 215वीं बटालियन के बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड) द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया, ताकि किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो.

बिहार में बारूद का बड़ा जखीरा मिला, नक्सलियों की तबाही मचाने की बड़ी साजिश हुई नाकाम
  • गया जिले के डुमरिया प्रखंड में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की छुपाई हुई भारी विस्फोटक सामग्री बरामद की है
  • लुटूआ पहाड़ की एक गुफा से 175 विद्युत डेटोनेटर और 300 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट सहित विस्फोटक सामग्री मिली है
  • CRPF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम की गुप्त सूचना के आधार पर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों की साजिश विफल
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
गया:

गयाजी जिले के नक्सल प्रभावित डुमरिया प्रखंड में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया. लुटूआ पहाड़ की गुफा में छुपाकर रखे गए 175 विद्युत डेटोनेटर, 300 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद किए हैं, इस ऐक्शन से सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने संभावित बड़ी विध्वंसक घटना को टाल दिया है. 

 गयाजी जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत छकरबंधा थाना क्षेत्र और लुटूआ थाना क्षेत्र के दक्षिण-पूर्वी जंगलों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. भुसिया, महादेव स्थान, सिंघवा, बालीबथान, सिकारी कुआं और गुलरिया तरी पहाड़ी के सघन जंगलों में चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की ओर से छिपाकर रखे गए विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है. यह पूरा अभियान गया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार के निर्देशन में चलाया गया था. सीआरपीएफ डी/215वीं बटालियन के कमांडेंट संजीत कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा इमामगंज एसडीपीओ कमलेश कुमार और सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान भी चलाया था.

गुप्त सूचना पर मिली सफलता 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी कि लुटूआ थाना क्षेत्र के भुसिया और महादेव पहाड़ी के जंगलों में नक्सलियों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री छुपा रखी है. सूचना के आधार पर सीआरपीएफ डी/215वीं बटालियन की कोबरा टीम और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया.सर्च ऑपरेशन के दौरान लुटूआ पहाड़, सिंघवा स्थान के जंगली इलाके में लगभग सुबह 11:40 बजे एक गुफा में छुपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई.गुफा से 175 वाणिज्यिक विद्युत डेटोनेटर, 300 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और करीब 1000 मीटर वाणिज्यिक कॉर्डेक्स तार समेत अन्य नक्सली उपयोगी सामान बरामद किए गए. इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी से स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे.

बरामद किए गए डेटोनेटर और विस्फोटक सामग्री को 215वीं बटालियन के बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड) द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया, ताकि किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो.अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया और आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया.

नक्सलियों के ठिकानों से मिली विस्फोट 

इस संबंध में इमामगंज एसडीपीओ कमलेश कुमार ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. उन्होंने कहा कि भारी मात्रा में डेटोनेटर, विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई है तथा नक्सलियों की साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान जारी रहेगा और किसी भी असामाजिक तत्व को कानून व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और चौकस कर दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि यह विस्फोटक सामग्री किस उद्देश्य से और कब इस्तेमाल की जानी थी.फिलहाल संयुक्त बलों की इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई है और क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है.

 गया से रंजन सिन्हा की रिपोर्ट 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com