बिहार के मोकामा में कुख्यात गैंगस्टर सोनू-मोनू गैंग के गुर्गों द्वारा पुलिस की तलाशी को लेकर सियासी बवाल मच गया है. आरजेडी से लेकर कांग्रेस तक कर हर कोई सरकार को घेरने में लगा है. कांग्रेस ने गैंगस्टर के गुर्गों द्वारा तलाशी लेने पर कहा कि आज बिहार पुलिस के माथे पर एक और कलंक काली स्याही से मोकामा में लिख दिया गया है. वहीं, अब बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने पुलिस के साथ मोकामा में हुई इस तरह की घटना पर स्पष्ट किया कि पुलिस के साथ ज्यादती करने वालों क्या अंजाम होता है, यह किसी से छिपा नहीं है.
मोकामा की घटना पर क्या बोले डिप्टी सीएम
रविवार को एक प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी से जब मोकामा में सोनू-मोनू गैंगस्टर के घर पर पुलिस की तलाशी लेने को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ अगर किसी ने भी ज्यादती की है तो पुलिस उसका हिसाब करेगी और मुकम्मल हिसाब करेगी.
वहीं, कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज बिहार पुलिस के माथे पर मोकामा में एक और कलंक काली स्याही से लिख दिया गया है. पुलिस एक अपराधी के घर छापेमारी में जाती है तो अपराधी के परिजन और कुछ स्थानीय लोग पहले पुलिस की ही तलाशी लेने लगे.
पुलिस के साथ मोका में क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक, पुलिस के साथ इस तरह की घटना ऐसे समय में हुई है, जब पुलिस की टीम फायरिंग के मामले में सोनू-मोनू गैंग घर पर रेड करने पहुंची थी. हालांकि, रेड से पहले ही पुलिस की गैंगस्टर के घर पर तलाशी ली गई. बताया जा रहा है कि मामला एक फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है. सरपंच पति मुकेश सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट कर पुलिस की प्रशंसा की थी. शनिवार शाम मुकेश सिंह पंचायत करने गांव में ही जा रहे थे, इसी बीच गैंगस्टर सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने उस पोस्ट को डिलीट करने को कहा, जिस दौरान दोनों में विवाद हो गया.
प्रमोद सिंह ने अपने बेटे सोनू-मोनू को फोन कर बुलाया, इसके बाद गोलीबारी की घटना को अंजाम दी गई. आरोप है कि सोनू-मोनू के साथ उसके गुर्गों ने मुकेश सिंह पर कई राउंड फायरिंग की, स्थानीय लोगों ने बताया कि कुल तीन राउंड फायरिंग हुई है, जिसमें मुकेश सिंह बाल-बाल बच गए हैं. मुकेश सिंह, मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक हैं.
यह भी पढे़ं- बिहार: कुख्यात सोनू-मोनू के गुर्गों ने पुलिस की ली तलाशी, फिर घर में मिली एंट्री; वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं