विज्ञापन

PPP मॉडल पर चलेंगे बिहार के 16 मेडिकल कॉलेज, 22 स्पेशल कोर्ट भी बनेंगे, सम्राट कैबिनेट ने दी मंजूरी

बिहार कैबिनेट ने राज्य के स्वास्थ्य, खेल, न्याय व्यवस्था, पेयजल और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी है. 

PPP मॉडल पर चलेंगे बिहार के 16 मेडिकल कॉलेज, 22 स्पेशल कोर्ट भी बनेंगे, सम्राट कैबिनेट ने दी मंजूरी
बिहार कैबिनेट में हुए 17 बड़े फैसले हुए हैं.

बिहार कैबिनेट की बैठक में बुधवार को 17 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पेयजल और न्याय व्यवस्था से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए. सरकार का कहना है कि इन निर्णयों से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी. कैबिनेट ने राज्य के 16 मेडिकल कॉलेजों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर संचालित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पीडब्ल्यूसी (PwC) को ट्रांजेक्शनल एडवाइजर के रूप में चुना है. सरकार का मानना है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा.

22 स्पेशल कोर्ट खोलने की मंजूरी

राज्य में लंबित मामलों के तेजी से निपटारे के लिए 22 विशेष अदालतें स्थापित की जाएंगी. इनमें 19 कोर्ट अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगी. वहीं 3 विशेष अदालतों में NDPS एक्ट से जुड़े मामलों की सुनवाई होगी. इसके लिए 198 नए पदों के सृजन को भी स्वीकृति दी गई है.

राजगीर में बनेगा स्पोर्ट्स साइंस सेंटर

खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राजगीर में स्पोर्ट्स साइंस सेंटर स्थापित किया जाएगा. यहां खिलाड़ियों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण, खेल चोटों का उपचार, पोषण संबंधी सलाह और मनोवैज्ञानिक सहयोग जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इससे राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी.

किशोर गृहों में बढ़ेगी सुरक्षा

जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत संचालित किशोर गृहों में रहने वाले बच्चों के बीच होने वाले विवादों को रोकने के लिए 330 होमगार्ड की तैनाती को मंजूरी दी गई है. इस व्यवस्था पर सरकार को हर साल लगभग 14 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे.

हर घर तिरंगा अभियान को 6 करोड़ की मंजूरी

देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए बिहार में वर्ष 2026 में 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके लिए 6 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है.

पेयजल और शिक्षा क्षेत्र को भी मिला बढ़ावा

कैबिनेट ने AMRUT 2.0 योजना के तहत दो बड़ी पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी दी है. जमालपुर जलापूर्ति योजना के लिए 102.22 करोड़ रुपये और मुंगेर जलापूर्ति परियोजना के लिए 177.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्र सरकार को 30 साल की लीज पर भूमि उपलब्ध कराने का भी फैसला लिया गया है. इससे क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार होगा.

यह भी पढ़ें- मिड-डे मील की थाली में सब्जी ढूंढते रह गए बच्चे, UP के स्कूल का वीडियो वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Cabinet Decisions, Samrat Choudhary, Bihar Medical Colleges, Special Courts For SC/ST
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com