विज्ञापन
This Article is From Mar 06, 2018

बिहार में उपचुनाव के लिए प्रचार तेज़, दिग्गज नेताओं ने डाला डेरा

प्रचार में बस आख़िरी चार दिन बचे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, नेता विपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सब प्रचार कर रहे हैं या मंगलवार से उनका चुनावी दौरा शुरू हो रहा है.

बिहार में उपचुनाव के लिए प्रचार तेज़, दिग्गज नेताओं ने डाला डेरा
आरजेडी नेता राबड़ी देवी.
  • बिहार में एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों के लिए होगा मतदान
  • प्रत्याशियों के प्रचार में जुटे दिग्गज नेता
  • सीएम नीतीश कुमार भी जाएंगे.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना: बिहार में एक लोकसभा और दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार तेज़ हो गया है. राज्य की अररिया लोकसभा सीट और जहानाबाद और भभुआ विधानसभा सीटों पर मतदान 11 मार्च को होना है. प्रचार में बस आख़िरी चार दिन बचे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, नेता विपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सब प्रचार कर रहे हैं या मंगलवार से उनका चुनावी दौरा शुरू हो रहा है. केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अररिया लोकसभा सीट से प्रचार का श्रीगणेश करेंगे. यहाँ नीतीश दो जनसभा को संबोधित करेंगे. एक सभा में उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी भी उनके साथ रहेंगे. सुशील मोदी मंगलवार से ही अररिया में पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप सिंह के पक्ष  में प्रचार शुरू कर रहे हैं.

वहीं, तेजस्वी यादव शनिवार शाम ही अररिया पहुँच गये थे. रविवार से मंगलवार तक तेजस्वी हर दिन दो से तीन जनसभा को संबोधित कर रहे हैं. तेजस्वी बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम माँझी के साथ एक मंच से सभा करेंगे. वहीं राबड़ी देवी ने सोमवार को तेजप्रताप यादव के साथ जहानाबाद विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी सुदय यादव के पक्ष में प्रचार की कमान सम्भाली. तेजस्वी यादव यहाँ बुधवार को प्रचार करेंगे. वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भभुआ और जहानाबाद में बृहस्पतिवार को प्रचार करने जाएंगे. 

पिछले चुनाव में जहाँ अररिया सीट पर राष्ट्रीय जनता दल के मोहम्मद तसलिमुद्दीन जीते थे वहीं जहानाबाद सीट पर मुंद्रिका सिंह यादव और भभुआ विधान सीट से भाजपा के उम्मीदवार विजयी रहे थे. इन सभी सीटों पर भाजपा जनता दल के एक दर्जन से अधिक मंत्री जहाँ प्रचार कर रहे हैं, वहीं राजद कांग्रेस के भी सभी वरिष्ठ नेता इन इलाक़ों में ही कैम्प कर रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com