रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बढ़ैया बाग में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में एक मासूम बच्ची समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में मातम छा गया. मृतकों की पहचान सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति निवासी परमानंद कुमार (25), भाभी खुशबू देवी (30) और भतीजी काव्या कुमारी (2) के रूप में की गई है.
श्राद्ध में शामिल होने जा रहे थे
परमानंद कुमार की दादी का हाल ही में निधन हो गया था. परिवार में श्राद्धकर्म की तैयारी चल रही थी, और उसी में शामिल होने के लिए परमानंद कुमार अपनी भाभी खुशबू देवी और 2 वर्षीय भतीजी काव्या कुमारी को बाइक पर बैठाकर कोचस थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव जा रहे थे. परिवार के लोग इस कार्यक्रम की तैयारी में जुटे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा इतनी भयावह साबित होगी.
ट्रैक्टर से हुई जोरदार टक्कर
बाइक सवार तीनों सासाराम से कोचस की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बढ़ैया बाग के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सासाराम नगर थाना की पुलिस को दी. घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उनके बीच कोहराम मच गया.
पुलिस ने ट्रैक्टर किया जप्त
सूचना मिलते ही सासाराम नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल से भाग रहे ट्रैक्टर को पकड़कर जप्त कर लिया है.
थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है, और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय ट्रैक्टर की गति कितनी थी और चालक की लापरवाही किस हद तक जिम्मेदार है.
इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के घर में मातम पसरा हुआ है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है. सड़क पर छोटी सी चूक किस तरह बड़े हादसे में बदल सकती है, इसका यह एक दर्दनाक उदाहरण बन गया है.
(रंजन सिंह की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें: "हमने कोई योजना बंद नहीं की, कांग्रेस फैला रही भ्रम", डिप्टी सीएम बैरवा ने गहलोत पर किया पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं