- बिहार के बेतिया जिले के सिरसिया गांव में पेड़ से लटकते हुए 15 वर्षीय युवक और 14 वर्षीय युवती के शव मिले
- मृतकों की पहचान शेख बुनाद के पुत्र सैदुल्लाह आलम और इजहार अंसारी की बेटी सहबुन नेशा के रूप में हुई
- घटना की सूचना मिलते ही सिकटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
बिहार के बेतिया जिले से बेहद मार्मिक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सिकटा थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव के एक बगीचे में पेड़ से लटका युवक- युवती के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया. मृतकों की पहचान सिरसिया गांव निवासी शेख बुनाद के 15 वर्षीय बेटे सैदुल्लाह आलम और इजहार अंसारी की 14 वर्षीय बेटी सहबुन नेशा के रूप में हुई है. दोनों की कम उम्र और इस दर्दनाक अंत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है.
कैसे हुई पूरी घटना
घटना की सूचना मिलते ही सिकटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों के अनुसार देर रात्रि दोनों अपने-अपने घरों में खाना खाकर सो गए थे, लेकिन शनिवार सुबह जब परिवार के लोग सेहरी के लिए जागे तो दोनों अपने घरों में नहीं थे. पहले तो परिजनों ने सोचा कि शायद कहीं आसपास गए होंगे, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने बगीचे में एक पेड़ से दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों को इसकी सूचना दी गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है. गांव के लोग भी स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ ग्रामीण इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
शोक और सन्नाटा पसरा
नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि बगीचे से युवक और युवती के शव बरामद किए गए हैं और दोनों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है.फिलहाल पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है.
बेतिया से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं