विज्ञापन

बिहार: बहन की बारात आने से ठीक पहले भाई का शव पहुंचा घर, 5 दिन पहले छुट्टी लेकर आया था शादी करवाने

बेगूसराय में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. बहन की शादी से पहले भाई की गंगा में डूबने से मौत हो गई. शादी की तैयारियों के बीच इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया.

बिहार: बहन की बारात आने से ठीक पहले भाई का शव पहुंचा घर, 5 दिन पहले छुट्टी लेकर आया था शादी करवाने
बेगूसराय में बहन की शादी से पहले भाई की गंगा में डूबने से मौत हो गई.

Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. मटिहानी थाना क्षेत्र के छितरौर घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई. इस हादसे ने उस घर की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया जहां बहन की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं.

मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

मृतक की पहचान रामपुर बसवन गांव निवासी भोला पंडित के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है. सत्यम बेंगलुरु में टाइल्स मिस्त्री का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारियों को उठाने वाला मुख्य सहारा था. वह करीब पांच दिन पहले ही अपनी छोटी बहन की शादी के लिए छुट्टी लेकर गांव आया था.

गंगा स्नान के दौरान हुआ हादसा

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार सत्यम मंगलवार को दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने छितरौर घाट गया था. स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज धारा की चपेट में आ गया. दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन कुछ ही पलों में वह पानी में डूबकर आंखों से ओझल हो गया.

प्रशासन और SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही मटिहानी के प्रभारी सीओ मनोज कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. तत्काल SDRF की टीम को बुलाया गया और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. कई घंटों की मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर सत्यम का शव बरामद किया गया.

शादी वाले घर में पसरा सन्नाटा

शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर सत्यम की मौत से माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है. जिस घर से बहन की डोली उठने वाली थी वहां अब भाई के शव का इंतजार हो रहा है. गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान: कहीं कट तो नहीं गया आपका वोट? 195 शहरों की नई वोटर लिस्ट जारी, चुनाव से पहले तुरंत चेक करें अपना नाम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com