Bihar News: बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल इन दिनों अपने सख्त तेवरों के कारण चर्चा में हैं. मधेपुरा के दौरे पर पहुंचे मंत्री ने भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनता से उगाही करने वालों का 'बिना दर्द वाला ट्रीटमेंट' जारी रहेगा. उन्होंने साफ किया कि रिश्वतखोरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
30 दिन में 30 पर कार्रवाई
मंत्री ने अपने कार्यकाल के शुरुआती 30 दिनों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए बताया कि इस संक्षिप्त अवधि में ही विभाग के 30 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की गई है. उनका कहना है कि वे लगातार शिकायतों की समीक्षा कर रहे हैं और दोषी पाए जाने वालों पर बिना किसी ढील के तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.
आम जनता को राहत देने की कवायद
राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाओं जैसे परिमार्जन, जमाबंदी और म्यूटेशन के लिए आम लोगों को सालों से कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे और अवैध वसूली का सामना करना पड़ता था. मंत्री दिलीप जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि अब यह स्थिति बदलेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार सुशासन और पारदर्शिता लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. अब आम जनता को समय पर और बिना किसी रिश्वत के सरकारी सेवाएं मिलें, इसके लिए विभाग कड़ी निगरानी रख रहा है.
भ्रष्ट कर्मियों के लिए 'बिना दर्द वाला ट्रीटमेंट'
मंत्री ने अपने अनोखे अंदाज में चेतावनी दी कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी जनता के साथ अन्याय करेगा, उस पर जवाबदेही तय होगी. विभाग में भ्रष्टाचार विरोधी यह अभियान अभी शुरुआत है और आने वाले दिनों में इसका दायरा और अधिक बढ़ेगा. मंत्री के इस रुख से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़ें- विकास दुबे के बिकरू जैसे कांड की बिहार में धमकी, सीधे सीएम सम्राट को चुनौती से हड़कंप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं