विज्ञापन
This Article is From May 07, 2017

बिहार : सड़क हादसों में 8 की मौत, पांच से ज्यादा लोग घायल

बिहार में शनिवार को समस्तीपुर, वैशाली और सारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और पांच से ज्यादा लोग घायल हो गए.

बिहार : सड़क हादसों में 8 की मौत, पांच से ज्यादा लोग घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर
पटना: बिहार में शनिवार को समस्तीपुर, वैशाली और सारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और पांच से ज्यादा लोग घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में यात्री बस और बोलेरो के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

कल्याणपुर के थाना प्रभारी अमजद खान ने बताया कि कुछ लोग समस्तीपुर बाजार से खरीदारी कर एक बोलेरो पर सवार होकर वापस अपने गांव बरहेटा लौट रहे थे, तभी अकबरपुर के दुमदुमा पुल के पास विपरीत दिशा से आ रही बस ने बोलेरो को टक्कर मार दी. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में बोलेरो पर सवार गंगेश सहनी, कैलाश चौधरी और मिंटू मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इधर, वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन से कुचल कर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने बताया, "तीनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर देसरी गांव से वापस अपने घर बिदुपुर के खरिका गांव लौट रहे थे, तभी राजापाकर के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान गोलू कुमार (22) और ऋतिक कुमार (21) के रूप में की गई है."

सारण में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. सारण जिले के एकमा के आमदाढ़ी गांव के समीप दो बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी जिले के परसा के सगुनी गांव में एक ऑल्टो कार और स्कॉर्पियो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान कोहरा मठिया गांव के विजय कुमार सिंह के रूप में की गई है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Road Accident, 8 Deaths
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com