- बिहार MLC शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सभी 4 सीटों पर सिटिंग MLC हार गए, जिसमें नवल किशोर यादव भी शामिल हैं.
- पटना शिक्षक सीट पर राजद के डॉ. संजीव ने 30 साल से जीतते आए बीजेपी के नवल किशोर यादव को 1057 वोटों से हराया.
- तिरहुत सीट पर बीजेपी के नरेंद्र सिंह ने लेफ्ट के संजय सिंह को हराकर जीत हासिल की, लेफ्ट तीसरे स्थान पर रही.
बिहार विधान परिषद चुनाव में शिक्षकों ने बड़ा उलटफेर किया है. शिक्षक निर्वाचन के सभी चार सिटिंग MLC चुनाव हार गए हैं. इसमें 30 साल से विधान पार्षद बन रहे बीजेपी के कद्दावर नेता नवल किशोर यादव भी शामिल हैं. शिक्षकों के इस उलटफेर से उच्च सदन में नए समीकरण बनना तय है. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चार सीटों के नतीजों पर गौर करें तो शिक्षकों ने किसी एक पार्टी पर भरोसा नहीं जताया है. शिक्षकों ने भाजपा, राजद, जन सुराज के साथ-साथ एक सीट निर्दलीय को भी जिताया है. हालांकि इस नए समीकरण से नुकसान केवल लेफ्ट को दिखता है.
बिहार MLC रिजल्ट: शिक्षक निर्वाचन सीट के नतीजे
पटना शिक्षक सीट से 30 साल बाद बीजेपी के नवल किशोर हार गए हैं. राजद के डॉ. संजीव कुमार ने उन्हें 1057 वोटों के अंतर से हराया. पटना का रिजल्ट आज सुबह साफ हुआ. इससे पहले मंगलवार देर रात तक तिरहुत, दरभंगा और सारण के नतीजे आ गए थे. तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेन्द्र सिंह 600 वोटों से जीते. वहीं सारण शिक्षक सीट से बीजेपी के बागी और निर्दलीय राहुल राज ने 1815 वोट से जीत दर्ज की है. दरभंगा में जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है.

इन चारों सीटों पर पहले किस पार्टी का था कब्जा
- अब बात इन चारों सीटों पर पहले से मौजूद विधान पार्षदों की करें तो पटना में बीजेपी के नवल किशोर यादव पार्षद थे. उन्हें हरा कर अब राजद के डॉ. संजीव कुमार यहां से विधान परिषद सदस्य बने हैं.
- तिरहुत शिक्षक सीट से पहले लेफ्ट के संजय सिंह पार्षद थे. भाजपा के नरेंद्र सिंह ने उन्हें हरा दिया. इस बार के चुनाव में लेफ्ट के प्रत्याशी यहां से तीसरे नंबर पर रहे. निर्दलीय भूषण झा दूसरे नंबर पर रहे.
- अब बात दरभंगा शिक्षक निर्वाचन सीट की करें तो यहां पहले कांग्रेस के मदन मोहन झा को हार मिली. यहां से पहली बार जन सुराज के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की.
- सारण में बीजेपी के बागी और निर्दलीय राहुल राज ने जीत दर्ज की है. यहां पहले से जन सुराज के विधान पार्षद थे. बताया जाता है कि राहुल राज ने चुनाव लड़ने की तैयारी कर रखी थी. लेकिन सीट गठबंधन से जदयू के खाते में गई तो राहुल राज निर्दलीय उतर गए. उन्होंने जदयू के आनंद पुष्कर को 1815 वोटों से हराया.
पटना में नवल किशोर यादव की हार बीजेपी के लिए बड़ा झटका
शिक्षक निर्वाचन सीट में पटना से नवल किशोर यादव की हार भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. क्योंकि नवल किशोर यादव 30 साल से इस सीट से जीतते आए थे. नवल किशोर यादव की गिनती जमीनी नेताओं में होती है. केंद्र और राज्य में सरकार होने से उनके पक्ष में और माहौल होने की बात थी. लेकिन राजद के डॉ. संजीव कुमार ने नवल किशोर यादव को हराकर बड़ा उलटफेर किया है.
यह भी पढ़ें - बिहार MLC Result: 30 साल बाद BJP के नवल किशोर यादव, RJD के डॉ. संजीव जीते, सदन में एक साथ दिखेंगे दो सगे भाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं