बिहार के औरंगाबाद में शादी के माहौल के बीच फायरिंग का मामला सामने आया है. प्रेमिका की शादी तय होने के बाद प्रेमी ने ऐसी खौफनाक साजिश रची कि इलाके में हड़कंप मच गया. प्रेमिका का रिश्ता तुड़वाने के लिए आरोपी ने दूल्हे के पिता को निशाना बनाने की कोशिश की. इस फायरिंग की घटना में दूल्हे का पिता बाल-बाल बच गया. वहीं, इस गोलीकांड में पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है.
दूल्हे के पिता बुरी तरह घायल
घटना कुटुंबा थाना क्षेत्र में 27 अप्रैल की है. 27 अप्रैल को रसोईया गांव के पास सुनील पांडेय स्कूटी पर जा रहे थे. तभी गाड़ी में सवार होकर आए आरोपियों ने फायरिंग कर दी. हमले में दूल्हे के पिता सुनील पांडेय बुरी तरह जख्मी हो गए. उन्हें इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के बाद अब वह खतरे से बाहर हैं.

आरोपी जितेंद्र कुमार
SIT जांच में खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई थी. तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पटना के बिहटा से 25 वर्षीय शूटर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
दूल्हे या उसके पिता को रास्ते से हटाने की कोशिश
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश का नहीं, बल्कि एक प्रेम प्रसंग की वजह से कराया गया था. दरअसल, जिस युवक की शादी होने वाली थी, उसकी दुल्हन के प्रेमी ने इस हमले की साजिश रची थी. प्लान था कि शादी से पहले ही दूल्हे या उसके पिता को रास्ते से हटा दिया जाए. इसी के चलते युवक ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची.
यह भी पढ़ेंः पत्नी से विवाद के बाद बैरक में रह रहा था सिपाही, बीवी मनाने पहुंची तो लगा ली फांसी; हालत नाजुक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं