बिहार में राजग और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर : ओपिनियन पोल

बिहार में राजग और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर : ओपिनियन पोल

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली:

गुरुवार रात दो टीवी चैनलों की ओर से प्रसारित किए गए ओपिनियन पोल के नतीजों में दिखाया गया है कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और जदयू-राजद-कांग्रेस के ‘महागठबंधन’ के बीच मुकाबला अभी लगभग बराबरी पर है।

इंडिया टीवी-सी वोटर ओपिनियन पोल के नतीजों के मुताबिक, राजग को 109-125 सीटें मिलती नजर आ रही हैं जबकि नीतीश कुमार के जदयू, लालू प्रसाद के राजद और कांग्रेस को 104-120 सीटें मिलती दिख रही हैं। इसके नतीजों के मुताबिक अन्य के खाते में 10-18 सीटें जा सकती हैं।

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं।

दि टाइम्स नाउ - सी वोटर के ओपिनियन पोल के मुताबिक, राजग को 117 जबकि ‘महागठबंधन’ को 112 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। अन्य को 14 सीटें मिल सकती हैं।

दि टाइम्स नाउ ओपिनियन पोल में दोनों गठबंधनों के मत प्रतिशत में महज एक फीसदी का फर्क दिखाया गया है। राजग को 43 जबकि महागठबंधन को 42 फीसदी वोट मिलता दिखाया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राजग ने किसी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनाया है, लेकिन जिन लोगों को सर्वेक्षण में शामिल किया गया उनमें 46.8 फीसदी लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार को ही अपनी पसंद बताया जबकि महज 16 फीसदी लोगों ने भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के नाम पर मुहर लगाई। सिर्फ 6.7 फीसदी लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को अपनी पसंद बताया जबकि 5.4 फीसदी लोगों ने भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन को वरीयता दी।