विज्ञापन
This Article is From Jan 27, 2017

कर्नाटक : भैंसों की दौड़ 'कंबला' के समर्थन में छात्रों ने निकाली रैली, सरकार कानून बनाने को तैयार

कर्नाटक : भैंसों की दौड़ 'कंबला' के समर्थन में छात्रों ने निकाली रैली, सरकार कानून बनाने को तैयार
मैंगलोर में कंबला के समर्थन में छात्रों ने निकाली रैली
बेंगलुुरु: तटीय कर्नाटक के मंगलौर में कंबला के आयोजन की मांग को लेकर शुक्रवार को कई जगहों पर रैलियां निकाली गईं. इन रैलियों में छात्रों ने भी जमकर हिस्सा लिया. इनकी मांग है कि कंबला पर से प्रतिबंध हटाया जाए. सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु में सांडों की दौड़ जल्लीकट्टू पर प्रतिबंध लगाया तो कर्नाटक हाईकोर्ट ने पशुओं के हितों की रक्षा से जुड़े संगठनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए 2014 में कंबला पर प्रतिबंध लगा दिया था. अब तमिलनाडु में जल्लीकट्टू के आयोजन को मंजूरी मिल गई है तो कर्नाटक में भी कंबला को लेकर कन्नड़ संगठन सक्रिय हो गए हैं.

वाटल नागराज जो कि कन्नड़ संगठनों के सबसे कद्दावर नेता है, उनका कहना है कि अगर सरकार ने कंबला के आयोजन के रास्ते में आ रही बाधाओं को दूर करने की कोशिश नहीं की, तो वो कर्नाटक में बंद बुलाएंगे.

वहीं बेंगलुरु में इन संगठनों ने रविवार को कंबला के समर्थन में रैली आयोजित करने का फैसला किया है. यह रैली शहर के फ्रीडम पार्क में होगी. वहीं शनिवार को मैंगलोर में भी ऐसी ही एक रैली का आयोजन होने जा रहा है.

अगले साल कर्नाटक में विधानसभा चुनाव हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया काफी दबाव में हैं. उन्होंने शुक्रवार को बेंगलुरु में कहा कि कंबला ग्रामीण इलाकों में काफी लोकप्रिय खेल है, ऐसे में हम इसके पक्षधर हैं और अगर जरूरत पड़ी तो हम कानून भी बनाएंगे. कर्नाटक हाईकोर्ट में इस मामले पर सोमवार को सुनवाई है, जिसमें फैसले की भी उम्मीद की जा रही है. यह देखना होगा कि हाईकोर्ट इस पर पाबंदी जारी रखता है या फिर कुछ राहत देता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
कर्नाटक, कंबला, बेंगलुरु, भैंसों की दौड़, Karnataka, Kambala, Bengaluru, Buffalo Run, जल्लीकट्टू, Jallikattu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com