Volkswagen अपनी पॉपुलर SUV Taigun का फेसलिफ्ट वर्जन 9 अप्रैल को लॉन्च करने जा रही है. 2021 में लॉन्च होने के बाद यह इस कार का पहला बड़ा अपडेट होगा. इस नए मॉडल में कंपनी डिजाइन को और शार्प बनाने के साथ-साथ नए फीचर्स और बेहतर गियरबॉक्स ऑप्शन देने की तैयारी कर रही है.
नई Taigun के डिजाइन में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. जैसे इसमें पहले से ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम लुक मिलेगा, जो Volkswagen के इंटरनेशनल मॉडल Tayron से इंस्पायर्ड हो सकता है. फ्रंट में स्लिम LED हेडलाइट्स दी जा सकती हैं, जिन्हें एक लाइट बार से जोड़ा जाएगा. इसके साथ ही ग्लो करने वाला Volkswagen लोगो भी देखने को मिल सकता है.
ग्रिल और बंपर को स्पोर्टी लुक देने के लिए नया डिजाइन दिया जाएगा. वहीं, पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललैंप्स में नया लाइटिंग पैटर्न देखने को मिल सकता है. सिल्वर स्किड प्लेट और कम क्रोम इस्तेमाल इसे थोड़ा ज्यादा रग्ड और मजबूत लुक देंगे. हालांकि, साइड प्रोफाइल में ज्यादा बदलाव नहीं होंगे, लेकिन नए अलॉय व्हील्स जरूर दिए जाएंगे.

Taigun फेसलिफ्ट के इंटीरियर में भी बड़ा अपग्रेड देखने को मिल सकता है. इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और लगभग 10.25 इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है. इसके अलावा, नए सीट फैब्रिक और इंटीरियर थीम्स से केबिन को ज्यादा प्रीमियम बनाया जाएगा. फ्रंट सीट्स में वेंटिलेशन और पावर्ड एडजस्टमेंट जैसे फीचर्स मिल सकते हैं.
इसमें पैनोरमिक सनरूफ और बेहतर एयर कंडीशनिंग सिस्टम भी दिया जा सकता है, जिससे गर्मी में ज्यादा आराम मिलेगा. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, रियर सीट मसाज फीचर भी मिल सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें - Royal Enfield Guerrilla 450 का नया Apex वेरिएंट : तस्वीरों में देखिए इसका स्पोर्टी लुक
नई Taigun में इंजन के मामले में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. इसमें वही 1.0-लीटर और 1.5-लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेंगे. 1.0-लीटर इंजन करीब 115hp की पावर और 178Nm टॉर्क देगा, जबकि 1.5-लीटर इंजन लगभग 150hp और 250Nm टॉर्क जनरेट करेगा.
सबसे बड़ा बदलाव गियरबॉक्स में हो सकता है. 1.5-लीटर इंजन में 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स पहले की तरह रहेगा, लेकिन 1.0-लीटर वेरिएंट में नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया जा सकता है, जिससे ड्राइविंग और स्मूद हो जाएगी. मैनुअल गियरबॉक्स का ऑप्शन भी जारी रहेगा.
नई Taigun की कीमत मौजूदा मॉडल (₹11.42 लाख से ₹19.18 लाख) से थोड़ी ज्यादा हो सकती है. लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Tata Sierra, Renault Duster, Hyundai Creta, Kia Seltos, Honda Elevate, Toyota Urban Cruiser Hyryder और Maruti Grand Vitara जैसी SUVs से होगा. यह सभी कारें इस सेगमेंट में पहले से मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं, इसलिए Volkswagen के लिए यह अपडेट काफी अहम माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं