विज्ञापन

अभी कर लें बुकिंग, कल से महंगी हो जाएंगी ये कारें, 20 हजार तक बढ़ेंगे दाम

त्योहारी सीजन में नई कार खरीदने वालों को झटका लग सकता है. Skoda ने कल यानी 1 अक्टूबर से अपनी Kushaq, Slavia और Kodiaq सहित सभी कारों की कीमतों में 1.2% तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है.

अभी कर लें बुकिंग, कल से महंगी हो जाएंगी ये कारें, 20 हजार तक बढ़ेंगे दाम
Skoda Kushaq

नई कार खरीदने वालों को तगड़ा झटका लगा है. Skoda Auto India ने अपनी कार की कीमतों को बढ़ाने का ऐलान किया है. ये बढ़ोतरी 1 अक्टूबर से लागू होगी. कंपनी ने घोषणा की है कि पूरे पैसेंजर व्हीकल लाइनअप की कीमतों में 1.2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी. कंपनी ने इस कीमत बढ़ोतरी के पीछे लगातार बढ़ती इनपुट और ऑपरेशनल लागतों को मुख्य कारण बताया है. हालांकि, अलग-अलग मॉडल्स और वेरिएंट्स के आधार पर ये बढ़ोतरी अलग-अलग होगी, लेकिन राहत की बात है अधिकतम बढ़ोतरी को प्रति गाड़ी 20 हजार तक ही हो सकती है.

प्रभावित होने वाले मॉडल्स

Skoda की भारत में बिकने वाली लगभग सभी पॉपुलर गाड़ियां इस बढ़ोतरी से प्रभावित होंगी. इस लिस्ट में कंपनी की सबसे नई कॉम्पैक्ट SUV Kylaq, मिड-साइज SUV Kushaq, प्रीमियम सेडान Slavia, लक्जरी सेडान Superb, परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड Octavia RS और फ्लैगशिप Kodiaq शामिल हैं. इसके अलावा, हाल ही में लॉन्च किए गए Kylaq Sportline और प्रीमियम Classic Plus व Prestige Plus ट्रिम्स की कीमतें भी इस मूल्य वृद्धि के बाद बदल जाएंगी. आपको बता दें कि ये बढ़ोतरी केवल एक्स-शोरूम कीमतों पर लागू होगी. अलग-अलग राज्यों के लोकल टैक्स, इंश्योरेंस और दूसरी फीस के कारण ऑन-रोड कीमतें अलग-अलग शहरों में अलग हो सकती हैं.

बिक्री में दर्ज की गई रिकॉर्ड वृद्धि

Skoda की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कंपनी भारतीय बाजार में अपनी बिक्री का अब तक का सबसे बेहतरीन दौर देख रही है. कंपनी ने साल 2025 में रिकॉर्ड 72,655 यूनिट्स की अपनी इतिहास की सबसे बड़ी बिक्री दर्ज की थी. इसके अलावा, साल 2026 के शुरुआती आठ महीनों (अगस्त तक) में ही कंपनी 50,000 से अधिक रिटेल डिलीवरी पूरी कर चुकी है, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 8% से अधिक की ग्रोथ को दिखाता है.

Skoda ने साल 2026 की पहली छमाही को भारतीय बाजार में अपने इतिहास का अब तक का सबसे मजबूत आधा साल बताया है. भारत में ही निर्मित कंपनी के तीन सबसे सफल मॉडल्स Kylaq, Kushaq और Slavia की बिक्री का आंकड़ा 2.5 लाख यूनिट्स के पार पहुंच चुका है. जिसमें से केवल नई Kylaq ने ही 75,000 से अधिक यूनिट्स की हिस्सेदारी हासिल की है. इस जबरदस्त मांग को पूरा करने के लिए कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क को तेजी से बढ़ाते हुए 193 शहरों में 345 से अधिक टचपॉइंट्स खोल दिए हैं.

यह भी पढ़ें : Honda की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक, कीमत 82.25 हजार, माइलेज 55 KM तक

Skoda की अपकमिंग कार

अगले कुछ हफ्तों में Skoda दो बहुत बड़े बदलावों के साथ बाजार में धमाल मचाने वाली है. हाल ही में दिखाई गई नई Slavia Facelift सेडान में मामूली कॉस्मेटिक बदलाव, अपग्रेडेड फीचर्स और 1.0-लीटर TSI इंजन के साथ पुराना टॉर्क-कनवर्टर हटाकर एक बिल्कुल नया और स्मूथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है. इस नई स्लाविया फेसिफ्ट की कीमतों की आधिकारिक घोषणा 6 अक्टूबर 2026 को की जाएगी. इसके अलावा, Skoda ने अपनी सबसे लोकप्रिय परफॉर्मेंस कार Octavia RS का दूसरा बैच (केवल 50 यूनिट्स) भारत में पेश किया है. जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 56.69 लाख रखी गई है. ये कीमत इसके पहले बैच की तुलना में 6.70 लाख रुपये अधिक है. 

खरीदारों के लिए क्या मतलब?

यदि आपने अपनी Skoda कार की बुकिंग 1 अक्टूबर से पहले करा ली है, तो आपको पुरानी कीमत पर ही गाड़ी डिलीवर की जाएगी. जबकि 1 अक्टूबर के बाद किए जाने वाले सभी नए ऑर्डर्स पर नई रिवाइज्ड एक्स-शोरूम दरें लागू होंगी. चूंकि अधिकतम बढ़ोतरी की सीमा केवल 20 हजार तक ही रखी गई है, इसलिए अधिकांश वेरिएंट्स पर इसका मामूली असर ही देखने को मिलेगा.

अभी भारत में फेस्टिव सीजन शुरू होने वाला है. ऐसे में कई लोग नई कार खरीदने का प्लान करते हैं. टाटा ने पहले ही कीमत बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है. अब स्कोडा ने भी कीमत में बढ़ोतरी को कन्फर्म कर दिया है. ऐसे में उन लोगों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे जो नई कार इस फेस्टिव सीजन खरीदना चाहते हैं. अगर आपका भी प्लान था तो आप इसको आज ही बुक करवा दें ताकि आप सस्ते में नई कार खरीद सके.

यह भी पढ़ें : इलेक्ट्रिक स्टीयरिंग से DaVinci सस्पेंशन तक, इन फीचर्स ने बदल दिया Mahindra Thar OG का ड्राइविंग एक्सपीरियंस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Skoda, Skoda Kushaq, Skoda Slavia Automatic, Car
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com