Royal Enfield ने अपनी पॉपुलर Guerrilla 450 बाइक का 2026 वर्जन लॉन्च कर दिया है. इस बार कंपनी ने इसे और ज्यादा स्पोर्टी लुक दिया है. इस अपडेट का सबसे बड़ा आकर्षण है नया 'Apex' वेरिएंट, जो खास तौर पर उन राइडर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो ज्यादा एग्रेसिव और स्पोर्टी राइडिंग पसंद करते हैं.
इस बाइक को Guwahati में हुए GRRR Nights फेस्टिवल में पेश किया गया, जहां कंपनी ने इसके नए फीचर्स और बेहतर परफॉर्मेंस को दिखाया. अब यह बाइक पहले से ज्यादा स्टाइलिश, कंट्रोल में आसान और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए बेहतर बन गई है.

Apex वेरिएंट में क्या खास?
Guerrilla 450 Apex इस सीरीज का सबसे खास और स्पोर्टी मॉडल है. इसमें राइडर को बेहतर कंट्रोल और स्पोर्टी फील मिलता है. एल्यूमिनियम हैंडलबार दिए गए हैं, जिन्हें पहले से थोड़ा नीचे और आगे की तरफ सेट किया गया है. इससे बाइक चलाते समय शरीर थोड़ा आगे झुकता है.
डिजाइन की बात करें तो Apex वेरिएंट में नया फ्रंट काउल, स्टाइलिश रियर सीट काउल, रिम टेप्स और नए कलर ऑप्शन्स जैसे Apex Red, Black और Green दिए गए हैं, जो इसे और आकर्षक बनाते हैं.
ये भी पढ़ें - 25 से ज्यादा नए अपडेट्स के साथ आई Hyundai Exter फेसलिफ्ट! कम कीमत में दमदार फीचर्स वाली SUV
इस अपडेट में टायर ग्रिप पर खास ध्यान दिया गया है. Apex वेरिएंट में नए 17-इंच Vredestein Centuro ST टायर्स दिए गए हैं, जो गीली और फिसलन भरी सड़कों पर भी बेहतर पकड़ देते हैं. वहीं, स्टैंडर्ड Dash और Flash वेरिएंट में भी अब नए CEAT Gripp XL टायर्स दिए गए हैं, जिनका डिजाइन और कंपाउंड पहले से बेहतर है. इससे सूखी और गीली दोनों तरह की सड़कों पर बेहतर ट्रैक्शन मिलता है.

Apex वेरिएंट का इंजन और परफॉर्मेंस
मैकेनिकल रूप से बाइक में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें वही 452cc का लिक्विड-कूल्ड Sherpa इंजन मिलता है, जो 40bhp की पावर और 40Nm का टॉर्क देता है. इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है. हालांकि, राइड मोड्स को अपडेट किया गया है, जो अब 'Street' और 'Sport' नाम से आते हैं. इसमें एक नया फीचर भी जोड़ा गया है, जो आखिरी चुने गए मोड को याद रखता है.
Apex वेरिएंट के नए फीचर्स
Guerrilla 450 में अब Tripper Dash नाम का 4-इंच TFT डिस्प्ले मिलता है, जिसमें Google Maps से नेविगेशन सपोर्ट मिलता है. खास बात यह है कि अब Android यूजर्स बिना फोन अनलॉक किए भी नेविगेशन देख सकते हैं. इसके अलावा Royal Enfield ऐप को भी अपडेट किया गया है, जिससे यूजर्स को अपनी राइड से जुड़ा ज्यादा डेटा और जानकारी मिलती है.
Dash वेरिएंट में नया Twilight Blue कलर भी जोड़ा गया है, साथ ही इसमें हैंडगार्ड और हेडलाइट ग्रिल जैसे एक्सेसरीज भी मिलते हैं, जो स्टाइल और सुरक्षा दोनों बढ़ाते हैं.

Apex की कीमत
Guerrilla 450 Apex वेरिएंट की शुरुआती कीमत ₹2.49 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है. इसके अलग-अलग कलर वेरिएंट की कीमत ₹2.49 लाख से ₹2.56 लाख तक जाती है. बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि भारत में इसकी टेस्ट राइड और बिक्री 31 मार्च 2026 से शुरू होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं