अगर आपके घर में कोई पालतू कुत्ता है, तो आप अच्छी तरह जानते होंगे कि उसे कार में सफर कराना कितना मुश्किल काम होता है. कभी कार की सीटों पर उनके बाल बिखर जाते हैं, तो कभी सफर के दौरान वे असहज महसूस करने लगते हैं. डॉग लवर्स की इसी बड़ी समस्या को दूर करने के लिए मशहूर कार निर्माता कंपनी Peugeot ने एक बेहद अनोखा कदम उठाया है.
कंपनी ने एक खास कांसेप्ट कार पेश की है, जिसे पूरी तरह से एक डॉगी की नजर से डिजाइन किया गया है. Peugeot E-5008 Dog Edition नाम की यह गाड़ी एक फैमिली एसयूवी है, लेकिन इसके फीचर्स इंसानों से ज्यादा आपके चार पैरों वाले वफादार दोस्त को आराम पहुंचाने के लिए बनाए गए हैं.
Volkswagen ने लॉन्च की नई Tayron Life SUV, वही धांसू इंजन और स्क्रीन...लेकिन अब ₹5 लाख सस्ती
कुत्तों की नजर से चुनी गई कलर स्कीम
प्यूजो का कहना है कि इस कार के केबिन को 'डॉग विजन' यानी कुत्तों के देखने की क्षमता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. वैज्ञानिकों के अनुसार, कुत्ते कुछ खास रंगों को ही देख पाते हैं. इसीलिए इस कार के इंटीरियर में शांत नीले रंग के साथ-साथ उनके दिमाग को उत्तेजित करने वाले पीले रंग के कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल किया गया है. यह माहौल कुत्तों को स्ट्रेस फ्री रखता है.
एंटी-स्लिप मटेरियल और आरामदायक मैट्रेस
चलती गाड़ी में पालतू जानवरों का संतुलन बार-बार बिगड़ता है. इस समस्या को हल करने के लिए कार के अंदर बेहद सॉफ्ट और नॉन-स्लिप मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है. इसके अलावा, गाड़ी में एक मॉड्यूलर मैट्रेस (गद्दा) दिया गया है, जिसे पिछली सीट या बूट स्पेस में बिछाया जा सकता है. यह मैट्रेस न सिर्फ कुत्ते को आराम देता है, बल्कि उसके झड़ते हुए बालों को भी एक जगह समेट लेता है. सफर खत्म होने पर आप इसे मोड़कर डॉग बेड की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
खिड़की वाला स्पेशल तकिया और पेट ड्रायर
जिन कुत्तों को सफर के दौरान खिड़की से बाहर मुंह निकालकर हवा खाना पसंद है, उनके लिए कंपनी ने विंडो हेडरेस्ट दिया है. यह पीले रंग का एक बेहद सॉफ्ट कुशन है जो खिड़की के शीशे पर फिट हो जाता है, ताकि कुत्ता बिना घायल हुए आराम से अपना सिर टिकाकर बाहर का नजारा देख सके.
Tata Sierra EV दूसरी गाड़ियों को भी कर सकती है चार्जे! इन 5 फीचर्स ने उड़ाए सबके होश
इतना ही नहीं, कार के लोड फ्लोर के नीचे एक इलेक्ट्रॉनिक पेट ड्रायर भी दिया गया है, जो कार की V2L (व्हीकल-टू-लोड) टेक्नोलॉजी से चलता है. यानी अगर आपका डॉगी बारिश में भीग गया है, तो आप कार की बिजली से ही उसे सुखा सकते हैं.
गायब होने पर खुद ढूंढेगी यह कार
इस कार में 'डॉग रिट्रीवर' नाम का एक बेहद जादुई फीचर दिया गया है. अगर आपका कुत्ता पार्क में टहलते समय कहीं दूर निकल जाता है या खो जाता है, तो यह कार एक खास तरह की आवाज निकालती है, जिसे सुनकर कुत्ता वापस आ जाता है.
डॉग गार्जियन मोड से सुरक्षा की गारंटी
अक्सर लोग शॉर्ट स्टॉप्स यानी थोड़ी देर के लिए गाड़ी खड़ी करके दुकान पर जाते समय अपने पालतू जानवर को कार में ही छोड़ देते हैं. ऐसी स्थिति के लिए इस एसयूवी में 'डॉग गार्जियन मोड' दिया गया है. यह मोड कार के इंजन के बंद होने पर भी केबिन के तापमान को कुत्तों के अनुकूल बनाए रखता है, ताकि उनका दम न घुटे. साथ ही, मालिक अपने मोबाइल ऐप के जरिए दूर से ही कार के अंदर बैठे अपने डॉगी पर नजर रख सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं