जर्मन की लग्ज़री कार कंपनी Mercedes-Benz ने भारत में Mercedes-Benz CLA Electric सेडान को पेश कर दिया है. यह पहली बार है जब CLA नाम के साथ पूरी तरह इलेक्ट्रिक Mercedes कार बनाई गई है, क्योंकि पहले यह मॉडल सिर्फ पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ आता था. कंपनी 10 मार्च से इसकी बुकिंग शुरू करेगी और अप्रैल में इसे ऑफिशियल तौर पर लॉन्च किया जाएगा.
नई CLA Electric, Mercedes की नई मर्सडीज़-बेंज मॉड्यूलर आर्किटे्चर यानी MMA प्लेटफॉर्म पर आधारित पहली कार है. इसमें 85kWh की बड़ी बैटरी दी गई है और यह 800 वोल्ट की इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर पर काम करती है. कंपनी के अनुसार यह 792 किलोमीटर तक की रेंज देता है. भारतीय सड़कों को ध्यान में रखते हुए इसका ग्राउंड क्लीयरेंस बढ़ाया गया है और सस्पेंशन को खासतौर पर ट्यून किया गया है.

यह कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 6.7 सेकंड में पकड़ लेती है. इसमें पीछे की तरफ लगा इलेक्ट्रिक मोटर 272 हॉर्सपावर की ताकत देता है. खास बात यह है कि इसमें नॉर्मल EV की तरह सिंगल-स्पीड गियरबॉक्स नहीं बल्कि दो-स्पीड गियरबॉक्स दिए गए हैं, जैसा कि Porsche Taycan में देखा गया है. चार्जिंग के मामले में यह 240kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है और सिर्फ 20 मिनट में लगभग 400 किलोमीटर की रेंज दौड़ने के लिए तैयार हो जाती है.
Mercedes-Benz CLA Electric का डिजाइन
नई CLA Electric का लुक काफी फ्यूचरिस्टिक है. इसमें 18 इंच के व्हील्स दिए गए हैं. हेडलाइट्स, टेललाइट्स, फ्रंट ग्रिल में मर्सिडीज का थ्री-पॉइंटेड स्टार डिजाइन इसे प्रीमियम लुक देते हैं. कार पहले से 30 मिमी लंबी, 25 मिमी चौड़ी और 25 मिमी ऊंची है. पीछे की तरफ फुल-विड्थ लाइट बार दी गई है जो इसे मॉडर्न टच देती है.

भारत में आने वाला 250+ वेरिएंट ट्रिपल डिस्प्ले सुपरसक्रीन के बजाय 10.25 इंच का ड्राइवर डिस्प्ले और 14 इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन देगा. यह मर्सिडीज के नए MB.OS सिस्टम पर चलेगा और ओवर-द-एयर अपडेट सपोर्ट करेगा. केबिन में एम्बिएंट लाइटिंग के साथ LED स्टार डिजाइन दिया गया है. इसमें वायरलेस चार्जिंग, छह 100W USB-C फास्ट चार्जिंग पोर्ट और 40:20:40 स्प्लिट रियर सीट्स मिलती हैं.

बता दें, सुरक्षा के मामले में यह कार अभी भारत में Bharat NCAP द्वारा टेस्ट नहीं हुई है, लेकिन 2025 में इसे Euro NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है. इसमें फ्रंट और साइड एयरबैग के साथ सेंटर एयरबैग भी दिया गया है. साथ ही कैमरा और रडार आधारित लेवल 2 ADAS सिस्टम भी मौजूद है, जो ड्राइविंग को और सुरक्षित बनाता है. वहीं, इसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग 55 लाख से 60 लाख रुपये के बीच हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं