Hyundai ने भारत में अपनी पैसेंजर कारों की कीमतें सितंबर 2026 से बढ़ाने का ऐलान किया है. कंपनी के पूरे पैसेंजर व्हीकल लाइनअप की कीमत में 1% तक की बढ़ोतरी की जाएगी. ये 2026 में Hyundai की कारों की कीमत बढ़ाने का तीसरा फैसला होगा. कंपनी के मुताबिक, कीमत बढ़ाने का असर अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट पर अलग होगा.
2026 में तीसरी बार बढ़ेंगी Hyundai कारों की कीमतें
Hyundai ने इससे पहले जनवरी 2026 में अपने पूरे पैसेंजर व्हीकल लाइनअप की कीमतों में करीब 0.6% की बढ़ोतरी की थी. इसके बाद जून 2026 में कंपनी ने कुछ चुनिंदा मॉडल और वैरिएंट की कीमतें बढ़ाई थीं. उस समय कुछ कारों की कीमत में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई थी. अब सितंबर में कंपनी एक बार फिर अपनी पूरी कार रेंज की कीमत बढ़ाने जा रही है. इस बार कीमत में 1% तक की बढ़ोतरी होगी.
हालांकि, Hyundai ने ये साफ नहीं किया है कि किस मॉडल और वैरिएंट की कीमत कितनी बढ़ेगी. कंपनी ने कहा है कि कीमत में बढ़ोतरी का स्तर मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा.
इन वजहों से बढ़ रही कीमत
Hyundai India ने एक जानकारी में बताया कि कीमत बढ़ाने का फैसला कई वजहों से लिया गया है. इनमें कच्चे माल और दूसरी जरूरी चीजों की बढ़ती कीमत, ऑपरेशन खर्च में बढ़ोतरी और लगातार बनी हुई ग्लोबल तथा आर्थिक अनिश्चितताएं शामिल हैं. कंपनी ने कहा है कि वह लागत को नियंत्रित करने और बढ़े हुए खर्च का बोझ खुद उठाने की लगातार कोशिश कर रही है. लेकिन लागत का दबाव लगातार बने रहने के कारण इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है. इसका मतलब है कि सितंबर से Hyundai की कार खरीदने वाले ग्राहकों को मौजूदा कीमत के मुकाबले ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है.
महंगे मॉडल पर ज्यादा असर की उम्मीद
1% तक की कीमत बढ़ोतरी का असर कंपनी के सभी मॉडल और वैरिएंट पर एक जैसा नहीं होगा. कम कीमत वाले शुरुआती मॉडल और वैरिएंट पर रुपये के हिसाब से बढ़ोतरी थोड़ी कम रहने की उम्मीद है. वहीं, महंगे मॉडल और हायर वैरिएंट की कीमत में रुपये के हिसाब से ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है.
Hyundai की ये कीमत बढ़ोतरी ऐसे समय में लागू होगी, जब देश में त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है. आमतौर पर त्योहारी सीजन कार कंपनियों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण बिक्री समय होता है. इस दौरान ग्राहक नई कार खरीदने में ज्यादा रुचि दिखाते हैं और कंपनियां भी ज्यादा बिक्री की उम्मीद करती हैं. ऐसे में यह देखना अहम होगा कि सितंबर में कीमत बढ़ने का Hyundai की बुकिंग और बिक्री पर कितना असर पड़ता है.
ग्राहकों के लिए कीमत बढ़ने से पहले कार खरीदना एक ऑप्शन हो सकता है, लेकिन इसके लिए उन्हें मॉडल और वैरिएंट की उपलब्धता के साथ-साथ डीलर की मौजूदा कीमत भी चेक करनी होगी.
ये भी पढ़ें- अब 5 साल और दौड़ेंगे EV, CNG और हाइड्रोजन वाहन? सरकार लाई नया प्रस्ताव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं