Domestic discord related Vastu Dosh: कलह का कांटा यदि एक बार जीवन में प्रवेश कर जाए तो जल्दी वह नहीं निकलता है. यदि आपके घर में भी परिवार के सदस्यों के बीच अक्सर तकरार होती रहती है और लाख कोशिशों के बाद भी कलह समाप्त नहीं हो रही हो तो आपको एक बार अपने घर के वास्तु दोष पर जरूर नजर दौड़ानी चाहिए. किसी भी घर में आखिर वास्तु से जुड़े वो कौन से दोष होते हैं, जिनके कारण आपसी मतभेद और मानसिक तनाव बढ़ता है? पंचतत्वों पर आधारित वास्तु शास्त्र के माध्यम से इसे कैसे दूर किया जा सकता है, आइए इसे विस्तार से जानते हैं.
पेड़-पौधे से जुड़ा वास्तु दोष
वास्तु शास्त्र के अनुसार पेड़-पौधे से जुड़ा वास्तु दोष भी अक्सर घर के भीतर तनाव और आपसी कलह का कारण बनता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के भीतर कभी भूल से भी कांटे या दूध वाले पौधों को नहीं लगाना चाहिए. वास्तु के अनुसार ऐसे पौधों के चलते अक्सर परिवार के सदस्यों की बीच अनबन होती रहती है.
बेडरूम से जुड़ा वास्तु दोष

वास्तु शास्त्र के अनुसार यदि किसी घर में पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बात में झगड़ा होता हो उस घर के बेडरूम के वास्तु दोष पर सबसे पहले नजर दौड़ानी चाहिए. वास्तु के अनुसार यदि बेडरूम में लगे आईने में आपके बिस्तर का प्रतिबिंब बनता है तो यह बड़ा दोष माना जाता है. इसी प्रकार गलत दिशा में बेडरूम या फिर बेड का होना भी बड़े दोष का कारण बनता है. वास्तु के अनुसार बेडरूम में अपने बेड को हमेशा दक्षिण दिशा में रखें और सोते समय आपका सिर दक्षिण दिशा की ओर और पैर उत्तर दिशा की ओर होना चाहिए. बेडरूम से जुड़े इन वास्तु दोष को दूर करने के साथ आपसी प्रेम और विश्वास को बढ़ाने के लिए वहां पर हंसों के जोड़े का या फिर राधा कृष्ण का चित्र लगा सकते हैं.
खिड़की और दरवाजे से जुड़ा वास्तु दोष
वास्तु के अनुसार किसी भी मकान में खिड़की और दरवाजे के जरिए जहां सकारात्मक उर्जा का प्रवेश होता है, वहीं नकारात्मक उर्जा बाहर जाती है, लेकिन यही खिड़की और दरवाजे तब आपके घर में कलह का बड़ा कारण बनने लगते हैं जब इन्हें खोलते या बंद करते समय इसमें से आवाज आती है. वास्तु के अनुसार घर की खिड़की और दरवाजे को बंद करते और खोलते समय यदि आवाज आती है तो उसका प्रभाव आपके घर की सुख-शांति पर पड़ता है. वास्तु में इसे घर की अशांति और मानसिक तनाव का बड़ा कारण माना गया है. ऐसे में कलह का कारण बनने वाले इस वास्तु दोष को शीघ्र ही दूर करना चाहिए.
इन उपायों से भी दूर होती है कलह
- घर की नकारात्मक उर्जा को दूर करने के लिए हर दूसरे दिन नमक का पोंछा लगाएं.
- सुखी दांपत्य जीवन की कामना को पूरा करने के लिए पूर्णिमा का व्रत रखें और चंद्रोदय के समय पति-पत्नी एक साथ चंद्र देवता को अर्घ्य दें.
- प्रतिदिन पूजा में शंख बजाएं और शंख के जल से घर में छिड़काव करें.
- घर में प्रकाश की समुचित व्यवस्था करें तथा दीवारों की सीलन दूर करें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं