विज्ञापन
This Article is From Jan 28, 2012

मणिपुर में चुनावी हिंसा में सात मरे, 82% मतदान

इंफाल: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में 60 विधानसभा सीटों के लिए 279 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य में 82 फीसदी वोटिंग हुई है।

चुनाव के दौरान राज्य में हुई हिंसा में 7 लोग मारे गए हैं। इनमें एक सीआरपीएफ का जवान, तीन वोलेंटियर और एक नागरिक शामिल हैं।
ये घटना दोपहर एक बजे राजधानी इंफाल से 60 किलोमीटर दूर चंदेल जिले के एक पोलिंग बूथ पर हुई जब उसपर आतंकियों ने हमला किया। आतंकी प्रतिबंधित संगठन एनएससीएन आईएम के बताए जा रहे हैं।

इंफाल ईस्ट जिले की वांगखेई सीट पर आरडीएस हाईस्कूल के आगे सैकड़ों लोग कतारबद्ध खड़े थे। इस सीट से पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता युमखम इराबोत अपने प्रतिद्वन्द्वी और मणिपुर स्टेट कांग्रेस पार्टी के ओ हेनरी से मुकाबला कर रहे हैं। हेनरी मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह के भतीजे हैं।

इंफाल ईस्ट जिले के याइस्कुल विधानसभा सीट में वांगखेई कन्या उच्चतर माध्यमिक स्कूल के मैदान में मतदाताओं की बड़ी संख्या देखी गई। कतार लंबी होने की वजह से लोग मैदान में यहां वहां खड़े हो गए थे। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी और पूर्व शिक्षा निदेशक हरेश्वर गोस्वामी का मुकाबला उनके रिश्ते के भाई जयदेव शर्मा से है। थोउबाल विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह और भाजपा की ओ इंदिरा के बीच मुकाबला है। यहां अच्छा मतदान होने की खबर है।

आज हुए मतदान से जिन प्रमुख प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होना है, उनमें थोउबल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री इबोबी सिंह के अलावा मणिपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति नग बिजोय (खुरई सीट) और वन मंत्री तह देवेन्द्र (जिरीबाम सीट) शामिल हैं।

मणिपुर में नौ जिले हैं। इनमें से इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, बिष्णुपुर और थोउबल जिले घाटी में और छुरछंदपुर, उखरूल, सेनापति, तमेंगलोंग तथा चंदेल पहाड़ी इलाकों में हैं। राज्य में सुरक्षा बल स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। कुछ स्थानों पर पिछले दिनों विस्फोट की कुछ घटनाएं हुई थी। इससे पहले मिली खबरों में कहा गया था कि उग्रवादी कुछ प्रत्याशियों को अपना निशाना बना सकते हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manipur Assembly Polls 2012, Assembly Elections 2012, विधानसभा चुनाव 2012, मणिपुर विधानसभा चुनाव