यह ख़बर 03 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उप्र : पहले चरण के लिए प्रचार जोरों पर

खास बातें

  • उत्तर प्रदेश में विधानसभा के पहले और दूसरे चरण के जिन 19 जिलों में मतदान होना है, वहां चुनाव प्रचार जोरों पर चल रहा है।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में विधानसभा के पहले और दूसरे चरण के जिन 19 जिलों में मतदान होना है, वहां चुनाव प्रचार जोरों पर चल रहा है।

मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है यहां सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। राजनीतिक दलों ने शुक्रवार को एक-दूसरे के खिलाफ जमकर निशाना साधा।

दूसरी तरफ पांचवें चरण के लिए शुक्रवार को 245 उम्मीदवारों और छठे चरण के लिए 41 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। पांचवें चरण का मतदान 23 फरवरी और छठे चरण का मतदान 28 फरवरी को है।

कांग्रेस के गढ़ अमेठी और रायबरेली में पांच दिवसीय चुनाव प्रचार के लिए पहुंचीं प्रियंका वाड्रा ने गैर कांग्रेसी दलों पर जाति एवं धर्म के नाम पर जनता को गुमराह कर प्रदेश को विकास की दौर में पीछे धकेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 22 साल से कांग्रेस के सत्ता से दूर रहने के कारण विकास नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की योजनाओं का पैसा आम जनता को नहीं मिलता, बल्कि वह कुछ लोगों की जेब में जाता है।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने बहराइच और गोंडा में कांग्रेस-नीत केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा, "यदि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार सौतेला व्यवहार न करती तो हमारी पार्टी की सरकार और बेहतर परिणाम देती।" उन्होंने कहा, "चालीस साल तक कांग्रेस ने प्रदेश में शासन किया लेकिन गलत आर्थिक नीतियों के कारण इस लम्बी अवधि में सर्वसमाज में गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी।"

समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया मुलायम सिंह यादव ने फैजाबाद और बाराबंकी में रैलियां कर मायावती सरकार को भ्रष्टतम सरकार बताते हुए लोगों से इसे बदलने की अपील की। उन्होंने वादा किया कि सपा की सरकार बनने पर किसानों, बुनकरों, युवाओं और छात्रों के हितों के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे।

वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने गोंडा और बस्ती में जनसभाएं कर मायावती सरकार पर जमकर निशाना साथा। उन्होंने कहा कि भाजपा ही उत्तर प्रदेश के सुशासन और विकास के रास्ते पर ले जा सकती है।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में जनसभा के दौरान कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला सामने आने के बाद कांग्रेस के केंद्र सरकार सवालों के घेरे में है। कांग्रेस नेताओं को जनता के बीच जवाब देना पड़ेगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने आजमगढ़ में जनसभा के दौरान कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस तीनों पार्टियां भ्रष्टाचार में एक-दूसरे की सहयोगी हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने श्रावस्ती, बलरामपुर और महराजगंज में जनसभाएं कीं, तो कांग्रेस नेता एवं केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने बाराबंकी और अम्बेडकर नगर में चुनावी रैलियों को सम्बोधित किया।