विज्ञापन
This Article is From Nov 23, 2013

हम झूठ को सच नहीं बनाते : सोनिया गांधी

हम झूठ को सच नहीं बनाते : सोनिया गांधी
कोटा:

संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है, हम झूठ को सच नहीं बनाते और भाजपाईयों को अगर कुछ दिखता है, तो वह सिर्फ सत्ता है।

सोनिया गांधी शनिवार को कोटा में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार की किसानों, आमलोगों और सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी नीतियों के कारण देश में समुचित विकास हुआ है। वे (भाजपा के लोग) हमारी बुराई करते हैं, उल्टे-सीधे आरोप लगाते हैं, अफवाहें फैलाते हैं, लेकिन हम अपना काम करते रहेंगे। हम आगे भी कल्याणकारी योजनाएं बनाते रहेंगे।

उन्होंने राजस्थान में मुफ्त दवाई योजना को भाजपा द्वारा जहर बताने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि मुफ्त दवा योजना से लाखों लोगों को लाभ मिल रहा है। जिनके दिलों में आम लोगों के लिए जगह नहीं होती, वे ही इस तरह की बातें करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए सरकार ने क्रान्तिकारी योजनाएं बनाई हैं... हमारे अन्नदाता किसान, जो अपने खून पसीने से हमारी जरूरतें पूरी करते हैं, यूपीए सरकार ने उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलवाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने लोगों को मनरेगा के माध्यम से उनके घर के पास ही सौ दिन का रोजगार उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया है। भ्रष्टाचार रोकने के लिए सूचना का अधिकार कानून लागू किया और भूमि अधिग्रहण कानून बनाया है, ताकि किसी की जमीन बिना उनकी अनुमति और मुआवजे के नहीं ली जा सके।

सोनिया ने कहा कि यूपीए और राजस्थान की कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण राजस्थान शिक्षा का हब बनता जा रहा है। राजस्थान की अब अलग पहचान बन गई है, राजस्थान अब पिछड़ा हुआ नहीं है। उन्होंने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधवाओं और बुजुर्गों के लिए पेंशन व अन्य योजनाएं, गरीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को एक रुपये किलो अनाज तथा सभी को पक्की छत मुहैया करवाने के लिए योजनाएं शुरू की हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विधानसभा चुनाव 2013, राजस्थान, सोनिया गांधी, अशोक गहलोत, Assembly Elections 2013, Assembly Polls 2013, Sonia Gandhi, Ashok Gehlot