
मिजोरम नेशनलिस्ट पार्टी के नेता और मिजोरम के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आर लालाविया उन 141 उम्मीदवारों में सबसे धनी हैं जिन्होंने राज्य में 25 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरा है।
अपने हलफनामे में उन्होंने कहा कि लालाविया पेशे से ठेकेदार हैं और उनके पास 69 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। लालाविया ने असम से लगे कोलासिब जिले में सरलुई सीट से अपना नामांकन पत्र भरा है।
उधर, एजल उत्तर-तीन से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बायकमाविया सबसे गरीब उम्मीदवार हैं। उनकी संपत्ति महज 10 हजार रूपये से थोड़ी अधिक है।
राजनैतिक दल प्रमुखों, मुख्यमंत्रियों और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष में लालथनहावला सबसे धनी उम्मीदवार हैं। उनकी संपत्ति 9.15 करोड़ रूपये से अधिक है। मिजो नेशनल फ्रंट के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जोरामथांगा की संपत्ति 2.16 करोड़ रूपये आंकी गई है।
हलफनामे में बताया गया है कि मिजोरम पीपुल्स कान्फ्रेंस अध्यक्ष लालहमंगैहा सैलो की संपत्ति 2.1 करोड़ रूपये से अधिक है, वहीं जोरम नेशनलिस्ट पार्टी अध्यक्ष और लोकसभा के पूर्व सदस्य लालदुहवामा राजनैतिक दल प्रमुखों में सबसे कम धनी उम्मीदवार हैं। उनकी संपत्ति 1.7 करोड़ करोड़ रूपये आंकी गई है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं