VIRAL VIDEO: ट्रेन के सफर को सुगम बनाने की दिशा में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन एक बड़ा बदलाव साबित हो रही है. ट्रैवल क्रिएटर देबाजीत दास के हावड़ा-कामाख्या रूट के वायरल वीडियो ने इस नई ट्रेन की सुख-सुविधाओं को उजागर किया है. यात्री मुख्य रूप से इसके विशाल व साफ-सुथरे वॉशरुम, यूवी-सी लाइट सुरक्षा तकनीक, और स्वदेशी 'कवच' प्रणाली की सराहना कर रहे हैं. 180 किमी/घंटे की रफ्तार क्षमता वाली इस स्लीपर ट्रेन में थर्ड एसी का किराया 2450 रुपये है. इसमें रात के सफर के लिए पारंपरिक कुर्सियों की जगह आरामदायक बर्थ और बेहतरीन भोजन की सुविधा दी गई है.
क्यों खास है यह सफर?
ट्रैवल यूट्यूबर देबाजीत का यह सफर शाम 6:20 बजे हावड़ा से शुरू हुआ और अगली सुबह 8:20 बजे असम के कामाख्या स्टेशन पर खत्म हुआ. करीब 966 किलोमीटर लंबे इस सफर में उन्हें जो सुविधाएं मिलीं, उन्होंने उनका दिल जीत लिया.
फाइव-स्टार जैसा वॉशरुम
आमतौर पर लोग ट्रेन के वॉशरुम की बात करने से बचते हैं, लेकिन देबाजीत ने सबसे पहले इसी की तारीफ की. उन्होंने दिखाया कि ट्रेन का बाथरूम न सिर्फ काफी बड़ा है, बल्कि बेहद साफ भी है. सफर को सुरक्षित और क्लीन बनाने के लिए इसमें कीटाणुओं को मारने वाली यूवी-सी (UV-C) लाइट तकनीक और आग से सुरक्षा के आधुनिक इंतजाम किए गए हैं.
ट्रेन में कदम रखते ही यात्रियों का स्वागत पानी की बोतल देकर किया जाता है. रात करीब 8 बजे मिलने वाले शानदार खाने (शाकाहारी और मांसाहारी दोनों विकल्प) ने इस सफर के अनुभव को और बेहतरीन बना दिया. यूट्यूबर ने नॉनवेज खाना लिया था.
कितना खर्चा आता है?
देबाजीत ने बताया कि उन्होंने थर्ड एसी के टिकट के लिए 2450 रुपए चुकाए. ट्रेन में सफर के लिए तीन विकल्प मिलते हैं. फर्स्ट एसी का किराया लगभग हवाई जहाज के टिकट के बराबर बैठता है. इसके बाद आता है सेकंड एसी और थर्ड एसी (AC 3 Tier).
यह भी पढ़ें | 'अब समझी भगवान का प्लान', पति के एक्स्ट्रामेरिटल अफेयर से टूटी महिला को जिंदगी ने दिया सबक
180 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है वंदेभारत
रात के लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए इस ट्रेन में पारंपरिक कुर्सियों की जगह आरामदायक स्लीपर बर्थ दी गई हैं. सुरक्षा के लिहाज से इसमें ऑटोमैटिक दरवाजे, सीसीटीवी कैमरे और भारत की अपनी स्वदेशी 'कवच' (KAVACH) सुरक्षा प्रणाली मौजूद है. यह ट्रेन 180 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ने की ताकत रखती है, जो पटरियों की स्थिति के हिसाब से तय होती है.
यह भी पढ़ें | मुंबई-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस में जैसे ही घुसा नीदरलैंड का यूटयूबर, बोला- 'ये फीचर सबसे ज्यादा मजेदार है'
यह भी पढ़ें | पाकिस्तान की सबसे लग्जरी ट्रेन में कदम रखते ही इंडियन यूट्यूबर हैरान, बोला- 'इसने तो हद कर दी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं